- बिहार के नालंदा में मिड-डे-मील खने से 18 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई
- सोयाबीन की सब्जी में नमक की जगह गलती से रसोइयों ने सर्फ डाल दिया, जिससे बच्चे बीमार हो गए
- बीमार छात्राओं को बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है
बिहार के नालंदा के एक स्कूल से बच्चों की सेहत को लेकर लापरवाही भरा मामला सामने आया है. स्कूल के मिड-डे-मील में बच्चों को परोसी गई सोयाबीन की सब्जी में रसोइयों ने नमक की जगह सर्फ डाल दिया. इस खाने को खाने के बाद करीब 18 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई. सभबी को आनन-फानन में बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है.
मिड-डे मील खाकर 18 बच्चे बीमार
मामला नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के परासी मिडिल स्कूल का है. मिड-डे मील में की गई लापरवाही से बच्चों की जान पर बन आई है. बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में परिजनों की भीड़ जुट गई. बच्चों को इस हाल में देखकर कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, डॉक्टर्स का कहना है कि ज्यादातर बच्चे सुरक्षित हैं और सभी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद नालंदा के सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह समेत कई डॉक्टर्स मॉडल अस्पताल पहुंचे और बीमार छात्राओं के इलाज की जानकारी ली.
सोयाबीन की सब्जी में नमक की जगह डाल दिया सर्फ
स्कूल के शिक्षक आशुतोष कुमार का कहना है कि मिड-डे मील का खाना दूसरे स्कूल से बनकर आया था. खाने में सोयाबीन की सब्जी में नमक कम था. छात्राओं ने जब नमक मांगा तो कथित तौर पर गलती से नमक की जगह सर्फ दे दिया गया. सब्जी खाने वाली कई छात्राओं ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की.तबीयत बिगड़ने के बाद करीब 18 छात्राओं को इलाज के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल लाया गया. स्कूल प्रबंधन और प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है.
अस्पताल में चल रहा बच्चो ंका इलाज
नालंदा के सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और डॉक्टर्स की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. उन्होंने कहा कि फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है कि मिड-डे मील में सर्फ आखिर पहुंचा कैसे. बच्चों को नमक की जगह सर्फ कैसे परोसा गया.
ये भी पढे़ं-बिहार के खगड़िया में बड़ी लापरवाही, मिड डे मील में मिला मरा हुआ सांप, 20 से अधिक बच्चे हुए बीमार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं