विज्ञापन

प्यार, शादी और फिर मौत...लव मैरिज से खफा परिवार ने की बेटे की हत्या, पत्नी ने दर्ज कराई FIR

मुजफ्फरपुर के एक युवक की अपने ही परिजनों द्वारा हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. घटना को छुपाने के लिए बेटे के शव का दाह संस्कार तक कर दिया गया.

प्यार, शादी और फिर मौत...लव मैरिज से खफा परिवार ने की बेटे की हत्या, पत्नी ने दर्ज कराई FIR
प्रेम विवाह के बाद विनय पासवान और चांदनी (PHOTO- NDTV)

मुजफ्फरपुर में एक युवक को अपनी प्रेमिका से प्रेम विवाह करना महंगा पड़ गया. अब परिजनों द्वारा अपने ही बेटे की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इसके अलावा साक्ष्य को छुपाने के लिए आनन-फानन में बेटे के शव का दाह संस्कार तक कर दिया. अब मृतक युवक की पत्नी ने अपने ससुराल वालों पर पति के हत्या का आरोप लगाया है। सकरा थाने की पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, यह पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के डिहुली इसहाक गांव का है. यहां का रहने वाला विनय पासवान सकरा थाना क्षेत्र के सुजावलपुर में स्थित हिंदुस्तान मेगा मार्ट में काम करता था. सकरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर झिटकाही गांव की रहने वाली चांदनी कुमारी उसी माल के पास एक कॉलेज में पढ़ने जाया करती थी. इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और फिर दोनों एक दूसरे को देखते ही देखते प्यार करने लगे. कई महीनों तक दोनों एक दूसरे से मिलते जुलते रहे. इस दौरान दोनों एक दूसरे के करीब आ गए और फिर उन्होंने शादी करने का फैसला लिया.

शिव मंदिर में किया विवाह

कई महीनों के प्यार के बाद 9 अप्रैल 2024 को विनय पासवान ने अपनी प्रेमिका चांदनी से सकरा थाना क्षेत्र में स्थित एक शिव मंदिर में शादी रचा ली। दोनों शादी के बाद पति-पत्नी की तरह रहने लगे. हालांकि, युवक के परिजन इस शादी से नाखुश थे. उन्होंने  बेटे और बहू को घर में रहने की अनुमति नहीं दी.

शादी के बाद दोनों अलग-अलग राज्यों में जाकर रहने लगे, लेकिन युवक की चाहत थी कि वह अपनी पत्नी को अपने घर पर रखे. वहीं दूसरी तरफ लड़के के परिजन इस बात के लिए तैयार नहीं थे. काफी दिनों तक बाहर रहने के बाद जब युवक अपनी पत्नी चांदनी कुमारी को लेकर अपने घर पहुंचा तो परिजनों के द्वारा बेटे और बहू को घर में रहने की इजाजत नहीं दी गई, जिस कारण युवती अपने मायके में आकर रहने लगी.

विनय पासवान के परिजनों पर लगा हत्या का आरोप

पीड़िता चांदनी कुमारी ने बताया कि सकरा थाना क्षेत्र के डिहुली निवासी विनय पासवान के साथ दो साल पहले प्रेम विवाह किया था. प्रेम विवाह के बाद विनय चाहता था कि मैं उसके साथ घर पर रहूं, लेकिन मेरे पति के परिजन इस बात के लिए राजी नहीं थे. यही कारण था कि हमें काफी दिनों तक अलग अलग जगहों पर रहकर अपना गुजारा करना पड़ा. मेरे पति मुझे अपने साथ अपने घर पर रखने की जिद कर बैठे थे. इसी कारण मेरे पति के घर के सदस्यों के द्वारा मेरे पति की बुरी तरह पिटाई की जाती थी. अब मेरे ससुराल के सदस्यों के द्वारा मेरे पति की हत्या कर दी गई है.

वहीं पूरी घटना के बाद अब एफएसएल की टीम ने जांच शुरू कर दी है। टीम ने दाह संस्कार वाली जगह से जले हुए शव के राख और कुछ अवशेष को जब्त किया है, जिसकी जांच की जा रही है. वहीं दूसरी तरफ अब आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है.

घटना को लेकर क्या बोले डीएसपी ईस्ट मनोज कुमार सिंह?

डीएसपी ईस्ट टू मनोज कुमार सिंह ने बताया की सकरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर झिटकाही निवासी चांदनी कुमारी के द्वारा सकरा थाने की पुलिस को एक आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें चांदनी कुमारी ने अपने पति के परिवार वालों पर ही अपने पति के हत्या का आरोप लगाया है. आवेदन प्राप्त होते ही सकरा थाने की पुलिस के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है. एफएसएल की टीम को बुलाकर दाह संस्कार वाले स्थान से तमाम साक्ष्य को एकत्रित किया गया है. वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

ये भी पढ़ें-  भोजपुर में कल महापंचायत, पुलिस अफसरों पर FIR, भरत तिवारी एनकाउंटर में अब तक क्या-क्या हुआ?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Bihar News, Bihar Crime News, Muzaffarpur, Muzaffarpur Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com