विज्ञापन

खुशबू सिंह मर्डर केस में पूर्व मंत्री के दामाद ने उठाए सवाल, कहा- न्याय नहीं... धमकी मिल रही है

वरुण कुमार सिंह ने यह भी दावा किया कि इस मामले को उठाने के बाद उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने यहां तक कहा कि उन पर जानलेवा हमला भी किया गया, वो भी उस समय जब सरकारी सुरक्षा कर्मी मौजूद थे.

खुशबू सिंह मर्डर केस में पूर्व मंत्री के दामाद ने उठाए सवाल, कहा- न्याय नहीं... धमकी मिल रही है
खुशबू सिंह मर्डर केस
Bihar News:

बिहार में एक बार फिर दहेज और संदिग्ध मौत का मामला सुर्खियों में है. पूर्व मंत्री संजीव प्रसाद टोनी के दामाद और उद्यमी वरुण कुमार सिंह ने मंगलवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बहन खुशबू सिंह की मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने इसे साफ तौर पर साजिशन हत्या बताया और कहा कि इस मामले में न्याय पाने के लिए उनका परिवार संघर्ष कर रहा है, जबकि उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही हैं. वरुण कुमार सिंह ने बताया कि उनकी छोटी बहन खुश्बू सिंह की शादी 1 जून 2025 को मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा इलाके में रहने वाले NRI इंजीनियर सुधांशु सिंह से पूरे रीति-रिवाज के साथ हुई थी. लेकिन शादी के समय ही लड़के पक्ष की ओर से महंगी गाड़ी, करीब एक करोड़ रुपये के गहने और 51 लाख रुपये नकद की मांग की गई थी. 

वरुण का कहना है कि उनके परिवार ने गाड़ी को छोड़कर लगभग सभी मांगें पूरी कर दी थीं, लेकिन इसके बावजूद खुशबू को शादी के बाद लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा. उन्होंने आरोप लगाया कि गाड़ी और बाद में दिल्ली में फ्लैट की मांग को लेकर उनकी बहन को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था. वरुण के मुताबिक, 26 दिसंबर 2025 को उनके बहनोई के पिता का फोन आया, जिसमें बताया गया कि खुशबू की मौत जलने और दम घुटने से हो गई है. इस खबर के बाद जब परिवार मुजफ्फरपुर पहुंचा, तब तक पुलिस और फॉरेंसिक टीम अपनी जांच पूरी कर चुकी थी.

खुशबू के शव को परिवार को नहीं दिखाया गया

वरुण ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार को खुशबू का शव ठीक से देखने तक नहीं दिया गया और शव पर कोई गहना नहीं था. उन्होंने कहा कि जिस कमरे में मौत की बात कही गई, वहां ऐसी कोई स्थिति नहीं दिखी जिससे यह लगे कि मौत आग लगने या दम घुटने से हुई है. उन्होंने स्थानीय पुलिस के रवैये पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शुरुआत में पुलिस ने आरोपी पक्ष के प्रति नरमी दिखाई और शिकायत दर्ज करने में भी देरी की.

हालांकि, बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने खुश्बू के पति सुधांशु सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन वरुण का कहना है कि बाकी आरोपियों जिनमें सास, ससुर और अन्य लोग शामिल हैं पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उनका आरोप है कि इन लोगों को जानबूझकर फरार होने का मौका दिया गया और अब केस को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है.

परिवार को लगातार धमकियां मिल रही

वरुण कुमार सिंह ने यह भी दावा किया कि इस मामले को उठाने के बाद उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने यहां तक कहा कि उन पर जानलेवा हमला भी किया गया, वो भी उस समय जब सरकारी सुरक्षा कर्मी मौजूद थे. इससे उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं.

SIT गठन कर जांच करने की मांग

प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरुण ने सरकार से इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग की. साथ ही सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके परिवार को स्थायी सुरक्षा देने की भी अपील की. उन्होंने उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.

वरुण ने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच नहीं हुई, तो न्याय मिलना मुश्किल हो जाएगा. उन्होंने साफ कहा कि अगर उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य को कोई नुकसान होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी.

यह मामला अब बिहार की राजनीति और कानून-व्यवस्था दोनों के लिए एक बड़ा सवाल बनता जा रहा है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और निष्पक्षता से कार्रवाई करता है.

यह भी पढ़ेंः 3 महीने बाद भी पटना की नीट छात्रा को नहीं मिला इंसाफ, फिर सड़कों पर उतरे परिजन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com