Bihar News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और शर्मनाक तस्वीर सामने आई है. बंजरिया थाना क्षेत्र के सिसवा पूर्वी गांव में कुछ ग्रामीणों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए एक शादीशुदा प्रेमी जोड़े के साथ तालिबानी जैसा बर्ताव किया है. सरेआम की गई इस अमानवीय हरकत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात पकड़िया टोला का रहने वाला एक विवाहित युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था. इसी दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया और एक कमरे में बंद कर दिया. आरोप है कि पूरी रात उन्हें प्रताड़ित किया गया और मारपीट की गई.
सिर मुंडवाकर जूतों की माला पहनाई
बात यहीं खत्म नहीं हुई. अगली सुबह ग्रामीणों ने एक नाई को बुलाकर पहले दोनों का सिर मुंडवाया. इसके बाद उनके गले में जूते-चप्पलों की माला डाल दी और पूरे गांव में घुमाया. इस दौरान मौके पर मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही और कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया. वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आया है.
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
यह घटना काफी देर तक चलती रही, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी. जब ग्रामीण दोनों को सरपंच पति महेंद्र यादव के दरवाजे पर ले गए, तब वहां बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई. डायल 112 की टीम ने पहुंचकर दोनों को अपनी हिरासत में लिया और थाने ले आई.
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस की कार्यशैली पर अब स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं. हालांकि, बंजरिया पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और घटना में शामिल सभी दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को उजागर कर दिया है. फिलहाल क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस मामले को शांत कराने में जुटी है.
यह भी पढ़ें- 22 साल के बेटे की जान बचाने के लिए पिता ने सौंप दी अपनी किडनी, SMS अस्पताल में होगा ट्रांसप्लांट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं