औरंगाबाद जिले के टण्डवा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक सनकी युवक ने बदले की आग में 5 वर्षीय मासूम सिद्धार्थ कुमार की हत्या कर दी. पुलिस ने मामले में आरोपी धनसेवक कुमार (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 30 जून की सुबह 9:00 बजे थानाध्यक्ष टण्डवा के संज्ञान में ये मामला आया. जानकारी मिली की मोहरी ईंटवा निवासी प्रमोद सिंह का बेटा सिद्धार्थ कुमार रात से घर से गायब है. टंडवा थानाध्यक्ष ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर घटनास्थल का मौका मुआयना किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद एसपी उपेन्द्रनाथ वर्मा ने सदर एसडीपीओ-01 सुशील कुमार के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया.
आरोपी ने पूछताछ में कबूला जुर्म
टीम ने जांच के दौरान छापेमारी और अन्य सूचना के आधार पर धनसेवक कुमार को गिरफ्तार किया. आरोपी मोहरी ईंटवा का रहना वाला है, जिसके पिता का नाम जनेश्वर राम है. गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने बच्चे को घर से गायब करने और जान से मारने की बात कबूल की. आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया.
FSL टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटनास्थल का निरीक्षण सदर एसडीपीओ-01 सुशील कुमार, अंचल पुलिस निरीक्षक नवीनगर, थानाध्यक्ष टण्डवा, नवीनगर, FSL टीम, जिला आसूचना इकाई टीम तथा अन्य पदाधिकारियों ने किया. इस दौरान वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं. औरंगाबाद पुलिस की प्रेस रिलीज के अनुसार प्रथम दृष्टया घटना का कारण प्रेम-प्रसंग है. फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
घटना पर पुलिस का बयान
औरंगाबाद सदर एसडीपीओ 01 सुशील कुमार ने बताया कि आरोपी का मृतक की बड़ी बहन से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. एक महीने पहले दोनों विवाह के लिए घर से भाग थे, लेकिन शादी करने में सफल नहीं होने पर आरोपी ने लड़की के परिवार वालों से बदला लेने का प्लान बनाया. इस क्रम में आरोपी ने लड़की के छोटे भाई की हत्या कर दी.
रिपोर्ट- आदित्य कुमार
ये भी पढ़ें- बिहार में राजस्व विभाग में 270 अधिकारी बदले, किसने संभाली आपके इलाके की कमान? देखें लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं