विज्ञापन
This Article is From Nov 30, 2025

महुआ बाग के अपने घर में शिफ्ट हो सकती लालू फैमिली, तेजी से चल रहा निर्माण कार्य

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली करने के भवन निर्माण विभाग के आदेश के बाद प्रदेश में सियासत गरमा गई है. विपक्ष इसे बदले की कार्रवाई बता रहा है, वहीं जदयू ने राजद अध्यक्ष लालू यादव को मोहमाया त्यागने की सलाह दी है.

महुआ बाग के अपने घर में शिफ्ट हो सकती लालू फैमिली, तेजी से चल रहा निर्माण कार्य
  • भवन निर्माण विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली करने का आदेश दिया है
  • राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड का नया आवास आवंटित किया गया है, लेकिन उनकी इस घर में शिफ्ट होने की योजना नहीं
  • लालू अपने महुआ बाग स्थित आवास के निर्माण कार्य की स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जहां उनके शिफ्ट होने की चर्चा

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने का निर्देश भवन निर्माण विभाग ने दे दिया है. 39 हार्डिंग रोड आवास राबड़ी देवी को आवंटित कर दिया गया है. जब से 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने का निर्देश दिया गया है, तब से इस बात की चर्चा काफी तेज हो गई है कि लालू परिवार अपने नए आवास दानापुर के महुआ बाग में शिफ्ट हो सकता है. एनडीटीवी की टीम जब लालू यादव के महुआ बाग वाले आवास पर पहुंची, तो वहां पर निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है.

महुआ बाग घर में क्‍या-क्‍या?

महुआ बाग वाले घर पर हो रहे निर्माण कार्य की लालू यादव खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं. रविवार को भी लालू यादव महुआ बाग आवास पहुंचे और देखा कि काम कैसा चल रहा है. लालू यादव अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ महुआ बाग स्थित उस आवास का निरीक्षण करने गए. लालू यादव के इस घर में 7 से 8 कमरे, स्टाफ क्वार्टर, आवास के चारों साइड गार्डन एरिया और मीटिंग हॉल का निर्माण किया जा रहा है. 

JDU का तंज- मोहमाया त्‍याग दें लालू

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली करने के भवन निर्माण विभाग के आदेश के बाद प्रदेश में सियासत गरमा गई है. विपक्ष इसे बदले की कार्रवाई बता रहा है, वहीं जदयू ने राजद अध्यक्ष लालू यादव को मोहमाया त्यागने की सलाह दी है. जनता दल यूनाइटेड के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि उम्र के चौथे पड़ाव पर लालू यादव माया के चक्कर में पड़ गए हैं. परिवार की माया ने उन्हें न्यायपालिका पहुंचा दिया और संपत्ति की माया के कारण उन्हें जेल जाना पड़ा. अब उन्हें सरकारी बंगले का माया घेर रहा है. उन्होंने नसीहत देते हुए कहा, 'लालू यादव, मोह-माया जैसी चीजों से ऊपर उठिए. आपने संपत्ति की शानदार विरासत खड़ी की है. पार्टी को नेपथ्य में डाल दिया है. ऐसी स्थिति में जिस मकान में आप बीमार पड़े, जिस मकान में रहते आपको दमदार हार का सामना करना पड़ा हो, पारिवारिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा हो, माया मोह त्यागकर सरकार द्वारा दिए गए निर्देश का पालन कीजिए.'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lalu Yadav, Lalu Yadav New House, Lalu Mahua Bagh House
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com