विज्ञापन

'लालू यादव ने मुझसे माफी मांगी थी, कहा था गलती हो गई', तेजस्वी को विधानसभा में CM सम्राट ने क्यों सुनाया ये किस्सा

Lalu Yadav Apologized to Me, Admitted His Mistake, Bihar CM: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू यादव ने मुझसे माफी मांगी थी, कहा था कि गलती हुई है. उन्होंने कहा- मेरी राजनीति में अगर लालू यादव का अत्याचार नहीं होता तो मैं बिहार का मुख्यमंत्री नहीं बनता.

'लालू यादव ने मुझसे माफी मांगी थी, कहा था गलती हो गई', तेजस्वी को विधानसभा में CM सम्राट ने क्यों सुनाया ये किस्सा
Lalu Yadav Apologized to Me, Admitted His Mistake, Bihar CM Samrat Choudhary

Samrat Choudhary vs Lalu Yadav: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू यादव ने मिलर स्कूल के मैदान में मुझसे माफी मांगी थी, कहा था कि मुझसे गलती हुई है. चौधरी ने कहा- लालू यादव को भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बनाया, यह जानकारी आपको होना चाहिए. मेरी राजनीति में अगर लालू यादव का अत्याचार नहीं होता तो मैं बिहार का मुख्यमंत्री नहीं बनता. सीएम सम्राट चौधरी ने विधानसभा में तेजस्वी यादव को सुनाते हुए ये बातें कहीं.

दरअसल, बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार के फ्लोर टेस्ट के लिए सदन में विशेष बैठक बुलाई गई. सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद नेपा प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी बधाई दी. इसके बाद नीतीश कुमार और बीजेपी पर निशाना साधा. इस पर मुख्यमंत्री चौधरी ने पलटवार किया.    

कभी गलतफहमी मत रहिएगा, पूरी पार्टी एक है

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि कोई किसी की पाठशाला से नहीं होता नहीं, यह लोकतंत्र है. यह भारतीय जनता पार्टी है, जिसने मुझे नेता प्रतिपक्ष बनाए और प्रदेश अध्यक्ष बनाया. दो-दो बार उप मुख्यमंत्री बनाया और आज मुख्यमंत्री बनाया है.  कभी गलतफहमी मत रहिएगा, पूरी पार्टी एक है. 1995 में माइनर था, लेकिन मुझे जेल में रखा गया.  लोअर कोर्ट में लड़ा, हाई कोर्ट में लड़ा और सुप्रीम कोर्ट में लड़ा, हर जगह से जीत कर यहां बैठा हूं. मजाकिया लहजे में सीएम चौधरी ने तेजस्वी यादव से कहा कि आप डिग्री में पीछे छूट गए. 

किसी कीमत पर कोई समझौता नहीं होगा 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा- 20 वर्षों से बिहार में NDA की सरकार है, बिहार में सुशासन स्थापित करने का काम नीतीश कुमार ने किया है. सरकारी नौकरियों की बहार आई, महिलाओं के उत्थान का काम किया गया. साइकिल योजना चला कर छोटी बहनों को स्कूल तक पहुंचाने का काम किया गया. हमारे नेता नीतीश जी चाहते हैं कि बिहार समृद्ध हो. जिस तरह नीतीश जी ने ट्रिपल सी पर समझौता नहीं किया, उसी तरह आगे भी किसी कीमत पर कोई समझौता नहीं होगा. यह कुर्सी किसी को बपौती लगती है, लेकिन इससे बाहर निकलिए, यह 14 करोड़ बिहार की जनता का आशीर्वाद है. 

मुझे और मेरे परिवार के 22 सदस्यों को जेल भेजा 

सीएम ने कहा- 1994 में समता पार्टी बनी, नीतीश जी को सीएम बनाना था, मेरे पिताजी पार्टी के संस्थापक सदस्य थे. लेकिन, लालू जी ने मुझे और मेरे परिवार के 22 सदस्य को जेल में भेज दिया. कोई किसी के पाठशाला से नहीं होता, मेरी राजनीति में अगर लालू जी का अत्याचार नहीं होता तो मैं आज बिहार की राजनीति में नहीं होता. लोग एफिडेविट और हाफिडेविट पर चर्चा कर रहे हैं, यह कोई विषय है क्या. आज से 27 साल पहले मैं मंत्री बना था. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को कोई नहीं हटा सकता. नीतीश कुमार को न राजनीति से और न ही दिल से कोई हटा सकता है. वे इच्छाशक्ति वाले नेता हैं. उनकी इच्छा से ही मैं सीएम बना हूं. 

सरकारी नौकरी देने के वादे पर काम करेंगे 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा-  एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है. इस वादे पर काम करना है. पिछले 2 साल में बिहार में 1,36,000 करोड़ रुपये का प्राइवेट निवेश कराया गया है. अगले 1 साल में बिहार की जनता को प्राइवेट निवेश के क्षेत्र में लगभग 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश मिले, इस पर भी काम किया करेंगे. स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी ऐसी व्यवस्था करनी है कि अगर, जिले में किसी को इलाज की जरूरत पड़े, तो वह दो-तीन दिन तक वहीं रहकर इलाज करा सके.

जल्द खुलेंगे 208 डिग्री कॉलेज 

उच्च शिक्षा को बढ़ाने के लिए सभी प्रखंडों में एक-एक डिग्री कॉलेज खोला जाएगा. अब तक बिहार सरकार 208 डिग्री कॉलेज बना चुकी है, जल्द ही सभी डिग्री कॉलेजों को एक साथ चालू किया जाएगा.  उन्होंने कहा कि कोसी अब अभिशाप नहीं, बल्कि धीरे-धीरे वरदान बन रही है. बिहार में लगातार एयरपोर्ट बनाने का काम चल रहा है. पूर्णिया और दरभंगा एयरपोर्ट चालू हो गया है. किशनगंज, फारबिसगंज और सहरसा में भी एयरपोर्ट की योजना है. वीरपुर एयरपोर्ट के लिए टेंडर निकल चुका है. तेजस्वी यादव ने कहा कि अच्छी चीजों में हम समर्थन देंगे, यह अच्छी बात है. हम भी चाहेंगे और देखेंगे कि उनका समर्थन मिले. 

बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी फ्लोर टेस्ट में पास, तेजस्वी यादव को जमकर सुनाया

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com