विज्ञापन

मिड-डे मील खत्म होते ही स्कूल बंद! जहानाबाद में गुरुजी का 'रफूचक्कर' प्लान देख दंग रह गईं डीएम, अब गिरी गाज

जहानाबाद के एक सरकारी स्कूल में बच्चों को मिड-डे मील खिलाते ही छुट्टी कर दी गई और शिक्षक स्कूल में ताला जड़कर घर चलते बने. शिक्षकों की इस मनमानी पर डीएम अलंकृता पांडेय ने अब कड़ा एक्शन लिया है. पढ़ें मुकेश की यह रिपोर्ट.

मिड-डे मील खत्म होते ही स्कूल बंद! जहानाबाद में गुरुजी का 'रफूचक्कर' प्लान देख दंग रह गईं डीएम, अब गिरी गाज
थाली में खाना परोसा, स्कूल पर ताला जड़ा और घर चले गए गुरुजी; बच्चों ने पोल खोली तो DM ने लिया एक्शन.
NDTV Reporter

Bihar News: बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार भले ही हर दिन नए फरमान जारी कर रही हो, लेकिन जहानाबाद जिले में जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है. सदर प्रखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, अंबेडकर नगर में शिक्षकों की ऐसी मनमानी सामने आई है जिसने पूरे महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है. यहां स्कूल की पढ़ाई बच्चों के भविष्य पर नहीं, बल्कि गुरुजी के मूड पर टिकी है.

मिड-डे मील खिलाते ही जड़ दिया ताला

सड़क पर सन्नाटा और स्कूल के गेट पर लटका यह ताला किसी रविवार की छुट्टी का नहीं, बल्कि एक भरे-पूरे कार्य दिवस का है. शुक्रवार को सुबह स्कूल तो खुला, लेकिन तैनात चार शिक्षकों में से केवल एक शिक्षिका ही ड्यूटी पर पहुंचीं. रस्म अदायगी के लिए बच्चों को बुलाया गया और मिड-डे मील का खाना खिलाया गया. जैसे ही बच्चों ने खाना खत्म किया, उन्हें 'ट्रेनिंग' का बहाना बनाकर घर भेज दिया गया और शिक्षकों ने खुद स्कूल में ताला जड़कर घर की राह पकड़ ली. बच्चों का कहना है कि उन्हें जबरन छुट्टी देकर बाहर निकाल दिया गया.

मोबाइल में डूबे गुरुजी, डस्टर से पिटाई का खौफ

स्थानीय अभिभावकों ने जो आरोप लगाए हैं, वे और भी ज्यादा गंभीर हैं. मोहल्ले वालों का कहना है कि स्कूल में रहने के दौरान भी शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के बजाय अपने मोबाइल फोन में डूबे रहते हैं. अगर कोई मासूम बच्चा अपनी जिज्ञासा लेकर शिक्षकों के पास जाता है या क्लास में शोर होता है, तो उसे समझाने के बजाय कुर्सी पर बैठे-बैठे ही डस्टर फेंककर मारा जाता है. यही वजह है कि अब डर के मारे अभिभावक अपने बच्चों को यहां भेजने से कतराने लगे हैं और स्कूल में बच्चों की संख्या लगातार घटती जा रही है.

डीएम ने लिया एक्शन, मास्टर साहब को नोटिस

शिक्षकों की इस मनमानी और लापरवाही की गूंज अब जिला प्रशासन के गलियारों तक पहुंच चुकी है. जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. जैसे ही मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत जिला शिक्षा पदाधिकारी से पूरी रिपोर्ट तलब कर ली है. शुरुआती जांच में दोषी पाए जाने पर विद्यालय के हेडमास्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.

ये भी पढ़ें:- चार धाम यात्रा के लिए मेडिकल टेस्ट जरूरी, जाने से पहले जान लें नए नियम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jehanabad News Today, DM Alankrita Pandey Action, Bihar Government School Negligence, School Locked After Mid Day Meal, Teacher Misbehavior With Students Bihar, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com