विज्ञापन

IIT पटना में क्रिकेट खेलते समय बीटेक छात्र की मौत, पोल को छूते ही लगा करंट; FSL जांच शुरू

IIT पटना में क्रिकेट खेलने के दौरान तेलंगाना के छात्र हर्षित की करंट से मौत हो गई. FSL टीम हादसे की जांच कर रही है. हर्षित के दोस्तों का रो-रो कर बुरा हाल है. इस बीच आईआईटी प्रशासन ने हादसे पर दुख जताया है. पढ़ें गौरव कुमार की यह रिपोर्ट.

IIT पटना में क्रिकेट खेलते समय बीटेक छात्र की मौत, पोल को छूते ही लगा करंट; FSL जांच शुरू
NDTV Reporter

IIT Patna Student Death: पटना के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT Patna) से शनिवार को एक ऐसी खबर आई है जिसने हर किसी का दिल दहला दिया है. यहां क्रिकेट खेलने के दौरान करंट की चपेट में आने से बीटेक चौथे वर्ष के एक छात्र की मौत हो गई. मृतक छात्र की पहचान हर्षित के रूप में हुई है, जो मूल रूप से तेलंगाना का रहने वाला था. इस हादसे ने न केवल संस्थान को झकझोर दिया है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

बॉल उठाने गया था हर्षित

घटना बिहटा स्थित कैंपस के खेल मैदान की है. चश्मदीदों के अनुसार, छात्र मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे. इसी दौरान गेंद पास ही लगे एक बिजली के पोल के पास चली गई. हर्षित जैसे ही गेंद उठाने पहुंचा, उसका हाथ लोहे के खंभे से छू गया. खंभे में पहले से ही करंट दौड़ रहा था. हर्षित वहीं चिपक गया. दोस्तों ने चीख-पुकार मचाई, बिजली काटी गई और हर्षित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मैदान पर मौजूद एक साथी छात्र ने बताया, 'हमने उसे अपनी आंखों के सामने तड़पते देखा, हम बेबस थे क्योंकि करंट इतना तेज था कि पास जाना मौत को दावत देना था.'

दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल

मृतक हर्षित बीटेक फाइनल ईयर का छात्र था और अपने बैच के सबसे मेधावी और मिलनसार छात्रों में से एक था. उसके दोस्तों के मुताबिक, वह बेहद शांत स्वभाव का था और सबकी मदद के लिए तैयार रहता था. कुछ मिनट पहले तक जो छात्र उनके साथ खेल रहा था, उसकी मौत की खबर ने सहपाठियों को सदमे में डाल दिया है. कैंपस में गम और गुस्से का माहौल है.

सिस्टम की लापरवाही पर उठे सवाल

इस हादसे ने IIT प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है. छात्रों का आरोप है कि कैंपस के मेंटेनेंस में भारी चूक हुई है. अगर पोल में अर्थिंग की समस्या थी या वायर लीक था, तो उसे ठीक क्यों नहीं किया गया? छात्रों ने कैंपस में सुरक्षा ऑडिट की मांग को लेकर प्रदर्शन की चेतावनी दी है. जिसके बाद  IIT प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पूरे कैंपस की बिजली व्यवस्था की गहन जांच कराने का निर्णय लिया है.

पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने मोर्चा संभाल लिया है. मौके पर FSL (फॉरेंसिक) की टीम बुलाई गई है ताकि यह पता चल सके कि करंट लीक होने की असली तकनीकी वजह क्या थी..

तेलंगाना में मातम, बुझ गया घर का चिराग

हर्षित बीटेक का होनहार छात्र था और जल्द ही डिग्री लेकर अपने घर लौटने वाला था. उसके माता-पिता को जैसे ही बेटे की मौत की खबर मिली, घर में कोहराम मच गया. परिजन तेलंगाना से पटना के लिए रवाना हो चुके हैं. उनके पटना पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया जाएगा.

ये भी पढ़ें:- PM मोदी ने बंगाल की जनता को अनोखे अंदाज में किया नमन, शुभेंदु के शपथग्रहण का यादगार पल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com