विज्ञापन
This Article is From Jul 05, 2025

थाने से चंद कदम दूर ही... पटना में कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या पर राजनीतिक बयानबाजी शुरू

पटना में कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या को लेकर तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार से तीखे सवाल पूछे हैं.

गोपाल खेमका हत्याकांड को लेकर राजनीतिक बयान बाजी शुरू
पटना:

बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात मशहूर कारोबारी गोपाल खेमका की उनके घर के बाहर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिशों में जुटी है. इन सब के बीच अब इस हत्याकांड को लेकर आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है. तेजस्वी यादव ने जहां सीएम नीतीश और मौजूदा सरकार पर सवाल उठाए हैं वहीं बीजेपी ने साफ कर दिया है जिसने भी इस हत्याकांड को अंजाम दिया है उसे कड़ी सजा दी जाएगी. 

ये जंगलराज नहीं है क्या?

इस हत्याकांड को लेकर नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट किया. उन्होंने कहा कि थाना से चंद कदम दूर पटना में बिहार के बड़े व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी. हर महीने बिहार में सैकड़ों व्यापारियों की हत्या हो रही है लेकिन जंगलराज नहीं कह सकते? क्योंकि इसे ही शास्त्रों में मीडिया प्रबंधन, परसेप्शन मैनेजमेंट और छवि प्रबंधन कहते हैं. 

 अपराधी को छोड़ा नहीं जाएगा

इस हत्याकांड को लेकर बिहार बीजेपी प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा कि गोपाल खेमका की हत्या में शामिल आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाकर रहेगी. जो भी इस हत्याकांड में शामिल हैं उन्हें कड़ी सजा मिलेगी. ये सीएम नीतीश कुमार और एनडीए की सरकार है. यहां पर किसी को छोड़ा नहीं जाएगा. ये राजद का जंगलराज वाला काल नहीं है. 

सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए 

कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने कहा कि इस हत्याकांड को लेकर सरकार को जिम्मेदारी लेनी चाहिए. गोपाल खेमका की हत्या से कुछ वर्ष पहले उनके बेटे की भी हत्या की गई थी. ऐसे में सरकार को ये बताना होगा कि आखिर उन्होंने गोपाल खेमका को सुरक्षा क्यों नहीं मुहैया कराया था. गोपाल खेमका की हत्या दर्शाता है कि बिहार में गुंडा राज का महातांडव हो रहा है. कारोबारी बिहार छोड़कर जा रहे हैं. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gopal Khemka, Bihar Police, Crime In Bihar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com