- सुशील मोदी ने नहीं दिया रेप पर पूछे गए सवाल का जवाब.
- जवाब दिए बिना आगे बढ़ गए उपमुख्यमंत्री.
- दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पीड़िता को भर्ती कराया गया है.
बिहार के दरभंगा (Darbhanga) में 5 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में जब राज्य के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी (Sushil Modi) से सवाल किया गया तो जवाब देने की जगह उपमुख्यमंत्री ने मुंह घुमाया और आगे बढ़ गए. बता दें कि बिहार के दरभंगा जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक पांच साल की बच्ची के साथ एक ऑटो चालक द्वारा दुष्कर्म करने की घटना सामने आई है. बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. इस बीच पुलिस ने भी फौरन कार्रवाई करते हुए आरोपी को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है.
#WATCH Patna: Bihar Deputy Chief Minister Sushil Modi evades question on Darbhanga minor rape case. pic.twitter.com/Yvjlgxbn6K
— ANI (@ANI) December 7, 2019
यह भी पढ़ें- केरल से लेकर कोलकाता और उन्नाव से लेकर दरभंगा तक मासूम बच्चियां बीते 24 घंटे में हुई हैवानियत का शिकार
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि पीड़ित बच्ची कुछ अन्य बच्चों के साथ अपने घर के बाहर शुक्रवार शाम खेल रही थी, तभी एक ऑटो चालक बच्ची को ऑटो में बैठाकर दूसरी जगह ले गया. आरोप है कि करीब एक किलोमीटर दूर ऑटो चालक ने एक सुनसान स्थान पर ले जाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. इस बीच बच्ची के परिजनों ने गायब बच्ची की खोज शुरू कर दी. जब परिजन खडुआ और लक्ष्मीपुर गांव के बीच एक बगीचे के पास पहुंचे तो वहां एक ऑटो खड़ी देखी. वहीं बच्ची के रोने की आवाज भी सुनाई दी. इसके बाद परिजन ने खून से लथपथ बच्ची को बरामद कर पुलिस को इस घटना की सूचना दी.
यह भी पढ़ें- उन्नाव बना उत्तर प्रदेश का 'रेप कैपिटल', 2019 में हुए 86 दुष्कर्म
दरभंगा पुलिस (Darbhanga Police) उपाधीक्षक (सदर) अनोज कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गयी है, जिसकी पहचान भगवानपुर निवासी तेतर साहनी के रूप में की गई है. उन्होंने बताया कि आरोप है कि एक सुनसान बगीचे में बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है. उन्होनें आगे बताया कि पीड़िता को दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं