मुंगेर: बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा और जालसाजी के मामले में पटना पुलिस ने मुंगेर पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की है. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 15 आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपितों को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया है.
पटना पुलिस पहुंची मुंगेर
जांच में सामने आया कि सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान कुछ अभ्यर्थियों के स्थान पर दूसरे लोगों द्वारा परीक्षा देने, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने और अवैध तरीके से चयन सुनिश्चित कराने का संगठित प्रयास किया गया था. इसी मामले में फरार चल रहे आरोपितों की तलाश में पटना पुलिस की टीम मुंगेर पहुंची थी.
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में बरियारपुर थाना क्षेत्र के काजीचक रतनपुर निवासी राजा बाबू, शामपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी रौशन कुमार, लोहची निवासी सत्यम कुमार, शिवपुर लौंगाय निवासी गोपाल कुमार, सफियासराय थाना क्षेत्र के महमदपुर फरदा निवासी छोटू कुमार एवं वरुण कुमार, बांक फरदा निवासी रंजन कुमार और कासिम बाजार थाना क्षेत्र के नवटोलिया निवासी सुधीर कुमार शामिल हैं.
तारापुर अनुमंडल से संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ददरीजाला निवासी सन्नू कुमार, हरपुर थाना क्षेत्र से बलराम कुमार और मिथुन कुमार, तारापुर थाना क्षेत्र के काजीचक मिल्की निवासी राहुल कुमार, मोहंगंज निवासी सुभाष पासवान तथा महापुर निवासी रामजीवन कुमार तांती को गिरफ्तार किया गया है.
नेटवर्क का खुलासा करेगी पुलिस
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पटना में दर्ज 2 मामलों के फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस की टीम मुंगेर आई थी. स्थानीय पुलिस के सहयोग से सभी 15 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है, और भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है.
यह भी पढ़ें: बिहार पुलिस में सिपाही से दारोगा तक 48 हजार पदों पर होगी भर्ती, जानें कितनी मिलेगी सैलरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं