विज्ञापन

बिहार में अंबेडकर जयंती पर बाबा साहेब की मूर्ति स्थापना को लेकर मच गया बवाल, पुलिस को दर्ज करनी पड़ी FIR

अंबेडकर जयंती के अवसर पर पूजा‑पाठ कर रहे थे और पंडाल में मूर्ति स्थापित की जा रही थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर मूर्ति स्थापना का विरोध किया. फिर ईंट‑पत्थर चलाना शुरू कर दिया.

बिहार में अंबेडकर जयंती पर बाबा साहेब की मूर्ति स्थापना को लेकर मच गया बवाल, पुलिस को दर्ज करनी पड़ी FIR
  • कटिहार जिले के कुर्सेला नगर पंचायत में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर दो गुटों के बीच झड़प हुई.
  • झड़प उस समय हुई जब एक पक्ष अंबेडकर की मूर्ति स्थापना करना चाहता था और दूसरा पक्ष इसका विरोध कर रहा था.
  • विवाद के दौरान ईंट-पत्थर चलने से कई पुरुष और महिलाएं घायल हो गईं, जिनका इलाज चल रहा है.

बिहार के कटिहार जिले के कुर्सेला नगर पंचायत अंतर्गत मेहर टोला में बुधवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच झड़प हो गई. दोनों पक्षों के आमने‑सामने आ जाने से कुछ देर के लिए मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

घायलों का कहना है कि वे अंबेडकर जयंती के अवसर पर पूजा‑पाठ कर रहे थे और पंडाल में मूर्ति स्थापित की जा रही थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर मूर्ति स्थापना का विरोध किया. पीड़ितों के अनुसार, उन्होंने पूजा‑पाठ शांतिपूर्वक करने की अपील की, लेकिन विरोध कर रहे लोगों ने बात नहीं मानी और ईंट‑पत्थर चलाना शुरू कर दिया. इस झड़प में कई लोग घायल हो गए, जिनमें पुरुष और महिलाएं शामिल हैं. सभी घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुर्सेला में चल रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही कुर्सेला थानाध्यक्ष और अंचल अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया. अधिकारियों के हस्तक्षेप से बड़ा विवाद टल गया. बताया जा रहा है कि मामला बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापना को लेकर हुआ था, जहां एक पक्ष मूर्ति स्थापित करना चाहता था, जबकि दूसरा पक्ष इसका विरोध कर रहा था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बढ़ा और झड़प हो गई.

फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, सामाजिक समरसता कायम रखने और कानून‑व्यवस्था का पालन करने की अपील की है. साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सख्त चेतावनी भी दी गई है. इस घटना को लेकर गुरुवार को दोनों पक्षों ने कुर्सेला थाना में आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है.

ये भी पढ़ें :  बिहार में मंत्रालयों के भी 'चौधरी' बने सम्राट... क्या JDU अब सिर्फ 'सहयोगी' भर रह गई?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Katihar News, Bhimrao Ambedkar's Birth Anniversary, Ambedkar's Birth Anniversary Violence In Kursela
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com