विज्ञापन

जादू-टोने से पोते की हत्या के शक में पुजारी को बेरहमी से मारा, जीभ काटकर शव पेड़ से लटकाया

इस मामले में आरोपी को शक था कि पुजारी ने जादू-टोने से उसके पोते की जान ली थी. इसी बदले की भावना में वारदात को अंजाम दिया गया.

जादू-टोने से पोते की हत्या के शक में पुजारी को बेरहमी से मारा, जीभ काटकर शव पेड़ से लटकाया
बिहार में एक पुजारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई.

कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र के खारसोता गांव में हुए पुजारी हीरालाल मंडल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अनंतलाल मंडल को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि आरोपी को विश्वास था कि पुजारी हीरालाल मंडल जादू-टोना जानते थे और उसी के कारण उसके पोते की मौत हुई थी. इसी शक ने उसे इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए उकसाया.

2 नवंबर को मिला था शव

पुलिस के अनुसार 2 नवंबर को पुजारी हीरालाल मंडल की हत्या कर दी गई थी. हत्यारों ने पहले उनका गला घोंटा, फिर चाकू से हमला किया. वारदात को और भी भयावह बनाने के लिए उनकी जीभ काट दी गई तथा शव को पेड़ से लटका दिया गया ताकि मामला आत्महत्या जैसा दिखाई दे और हत्या का खुलासा न हो सके.

पुलिस जांच में सामने आई पूरी कहानी

घटना के बाद कटिहार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम बनाई गई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक और आरोपी अनंतलाल मंडल के बीच पुरानी रंजिश भी थी. पूछताछ और सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया.

बेटों के साथ मिलकर बनाई थी हत्या की योजना

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने दो बेटों रिंकू मंडल और शंभू मंडल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. उसका मानना था कि पुजारी ने जादू-टोना करके उसके पोते की जान ली थी. इसी गुस्से में उसने बदला लेने का फैसला किया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने 'जीव के बदले जीभ' काटकर अपना बदला पूरा करने की कोशिश की.

परिवार ने लगाया था बेरहमी से हत्या का आरोप

मृतक की पत्नी ने बताया कि हीरालाल मंडल रोज की तरह रविवार शाम लोहा पुल के पास मंदिर के निकट भजन-कीर्तन के लिए गए थे. रात भर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. अगले दिन सुबह ग्रामीणों से श्मशान घाट के पास शव मिलने की सूचना मिली. परिवार ने शुरुआत से ही हत्या का आरोप लगाया था और कहा था कि बदमाशों ने चाकू से हमला करने के बाद जीभ काट दी और शव को फंदे से लटका दिया. बारसोई एसडीपीओ मंगलेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले का खुलासा कर दिया गया है और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. हत्या में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें | बिहार एनकाउंटर पर बवाल, 3 की मौत के बाद सड़क पर उतरे परिजन, मीसा भारती ने सरकार को घेरा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Katihar Murder News, Katihar Police, Bihar Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com