मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत आज पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन से सोमनाथ यात्रा का शुभारंभ करते हुए 1,150 श्रद्धालुओं के जत्थे के स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से ट्रेन में जाकर भेंट की, सुविधाओं की जानकारी ली और उनके सुखद यात्रा की कामना की.
दीप प्रज्वलन, डमरू का वादन और शंख ध्वनि के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों की तरफ से श्रद्धालु शोभा सिंह को कलश और अजीत कुमार को ध्वज सौंपा. कार्यक्रम का आयोजन सोमनाथ स्वाभिमान पर्व (अटूट आस्था की गौरव गाथा) की भावना के अनुरूप श्रद्धा, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव के वातावरण में संपन्न हुआ.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान सोमनाथ की यात्रा पर जा रहे सभी श्रद्धालुओं का स्वागत और अभिनंदन करते हुए कहा कि पूरे बिहार से 1,150 श्रद्धालु इस पावन यात्रा में सम्मिलित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि यात्रा के साथ जा रहे ध्वज और कलश बिहार की आस्था, स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक हैं. यह यात्रा कई राज्यों से होकर गुजरेगी, इसमें श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ख्याल रखा गया है. आप सभी श्रद्धालुओं से आग्रह है कि यात्रा के दौरान बिहार की आस्था और स्वाभिमान का संदेश फैलायें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान सोमनाथ के आशीर्वाद से गुजरात और देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और देश नए आयाम स्थापित कर रहा है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान सोमनाथ की कृपा से बिहार भी विकास, समृद्धि और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए शिखर को प्राप्त करेगा. आप सबसे आग्रह है कि भगवान सोमनाथ के दर्शन के साथ-साथ काशी विश्वनाथ के भी दर्शन करें तथा बिहार के सुख, शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के लिए आशीर्वाद प्राप्त करें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हजार वर्ष पूर्व सोमनाथ मंदिर को लूटा गया. नालंदा विश्वविद्यालय को भी आक्रांताओं ने बर्बाद किया. 75 वर्ष पूर्व सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया, जिसमें बिहार के लाल डॉ. राजेन्द्र प्रसाद शामिल हुये थे. बिहार का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है और हम सबका संकल्प है कि इस गौरवशाली विरासत को पुनः प्रतिष्ठित किया जाए. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित किया. यह यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि बिहार की सनातन परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना का संदेश पूरे देश तक पहुंचाने का माध्यम है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं