विज्ञापन

शादी से पहले दूल्हा-दुल्हन बने अफसर, बहू से बोलीं सास-'तुझे सूरज कहूं या चंदा...'

ब‍िहार के पटना की तनु कुमारी सगाई से 1 दिन पहले BPSC अफसर बनीं. मंगेतर की मदद और सास के प्यार से रचा इतिहास. जानिए BPSC 70वीं क्रैक करने वाली 'अफसर बहू' की प्रेरक कहानी.

शादी से पहले दूल्हा-दुल्हन बने अफसर, बहू से बोलीं सास-'तुझे सूरज कहूं या चंदा...'
पटना की तनु कुमारी को 70वीं बीपीएससी परीक्षा में 186वीं रैंक व नगर कार्यपालक पदाधिकारी पद म‍िला है.
KGS BPSC
  • पटना की तनु कुमारी ने 70वीं BPSC परीक्षा में 186वीं रैंक हासिल कर म्यूनिसिपल एग्जीक्यूटिव ऑफिसर बनी है.
  • तनु की सफलता में उनके मंगेतर का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा. वे राजस्व अधिकारी हैं.
  • तनु ने रोजाना बारह घंटे लाइब्रेरी में पढ़ाई की और परीक्षा की तैयारी में पूरी मेहनत लगाई थी

Success Story: पटना के दो परिवारों में खुशियों का ऐसा डबल धमाका हुआ कि हर कोई देखता रह गया. शादी से पहले दूल्हा और दुल्हन दोनों ही बिहार में बड़े अधिकारी बन गए हैं. 69वीं BPSC क्रैक कर चुके दूल्हे ने अपनी होने वाली दुल्हन तनु कुमारी को ऐसी तैयारी कराई कि तनु ने भी 70वीं BPSC में 186वीं रैंक हासिल कर ली. बहू की कामयाबी पर भावुक सास ने गाना गाया-'तुझे सूरज कहूं या चंदा, मेरा नाम रोशन करेगा जग में मेरा राज दुलारा...' 

सगाई से 24 घंटे पहले आया BPSC का रिजल्ट

पटना शहर की रहने वाली तनु कुमारी ने बताया कि जून 2026 में उनकी सगाई का कार्यक्रम तय था. लेकिन खुशियों का असली धमाका सगाई से ठीक एक दिन पहले हुआ, जब 70वीं BPSC परीक्षा का परिणाम जारी हुआ. पहले ही प्रयास में पूरे बिहार में 186वीं रैंक हासिल कर तनु 'म्यूनिसिपल एग्जीक्यूटिव ऑफिसर' (नगर कार्यपालक पदाधिकारी) के पद पर चयनित हो गईं. सगाई समारोह में शामिल हुए करीब 150 मेहमानों के बीच यह दोहरी खुशी का मौका बन गया.  

यह भी पढ़ें-  Success Story: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के बेटे ने रचा इतिहास, भारतीय सेना में भर्ती होकर लौटा तो पूरा गांव जमकर नाचा

success story

bpsc topper tanu kumari success story: मां व होने वाली सास के साथ तनु कुमारी. Photo Credit: Facbeook Page Public Desire

लाइब्रेरी में 12 घंटे पढ़ाई और मंगेतर का साथ

तनु की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनके मंगेतर का सबसे बड़ा योगदान रहा. दोनों पहले साथ मिलकर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे. मंगेतर का चयन 69वीं BPSC में राजस्व अधिकारी के पद पर हो चुका है. कम उम्र होने के कारण तनु 69वीं परीक्षा में शामिल नहीं हो पाई थीं, लेकिन मंगेतर के उचित मार्गदर्शन में उन्होंने 70वीं BPSC के लिए जी-तोड़ मेहनत की और शादी से पहले वो भी अफसर बन गई. तनु रोजाना सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक लगातार 12 घंटे लाइब्रेरी में पढ़ाई करती थीं.   

Succsess Story: डॉक्‍टर वाले पर‍िवार का बेटा बना आर्मी ऑफिसर, MBBS की पढ़ाई के दौरान मां को खोया

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सास-बहू का भावुक पल

मीड‍िया से बातचीत में तनु कुमारी की होने वाली सास मीना कुमारी अपनी अफसर बहू की तारीफ करते-करते बेहद भावुक हो गईं. उन्होंने तनु को गले से लगा लिया और प्यार जताते हुए गाया-"तुझे सूरज कहूं कि चंदा... तुझे दीप कहूं या तारा... मेरा नाम रोशन करेगा जग में मेरा राज दुलारा." सास-बहू के इस प्यार और सम्मान के भावुक पल ने वहां मौजूद हर किसी का दिल जीत लिया.   

bpsc topper tanu kumari success story patna-news Bihar

Success Story: सगाई से 1 दिन पहले अफसर बनीं पटना की तनु, मंगेतर का साथ बना ताकत  Photo Credit: Facbeook Page Public Desire

पटना यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और अब DSP बनने की चाह

एक मॉक इंटरव्यू के दौरान तनु कुमारी ने अपनी यात्रा साझा की. उन्होंने साल 2022 में पटना विश्वविद्यालय से इतिहास विषय में ग्रेजुएशन पूरी की थी, जिसके बाद वे BPSC की तैयारी में जुट गईं. हालांकि तनु का चयन म्यूनिसिपल एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के पद पर हो चुका है, लेकिन उनका असली सपना बिहार पुलिस में DSP  बनने का है. 

75 साल की दादी टेबल पर पकड़वाती थीं चाय

तनु बताती हैं कि उनकी सफलता सिर्फ उनकी अकेली की नहीं, बल्कि दो परिवारों के अटूट सहयोग का नतीजा है. परीक्षा की तैयारी के दौरान उनके माता-पिता के साथ-साथ होने वाले सास-ससुर और 75 वर्ष की दादी ने भी पूरा साथ दिया. पढ़ाई के दौरान 75 साल की दादी खुद टेबल पर आकर उन्हें चाय दिया करती थीं. इसके अलावा उनके होने वाले ससुर, जो खुद बिहार सरकार में अधिकारी रह चुके हैं, उन्होंने भी हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया. BPSC इंटरव्यू के दौरान मंगेतर, माता-पिता और सास-ससुर सभी एक साथ उनके साथ गए थे. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Success Story, Bihar, BPSC
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com