- साधु यादव ने तेजस्वी को सलाह देते हुए कहा कि चुनाव में सीरियस होना होगा
- उन्होंने कहा- तेजस्वी किसी के बहकावे में बहुत फंस चुका है या उसे कोई ब्लैकमेल कर रहा है
- साधु यादव ने शक्ति यादव और भोला यादव पर भी गंभीर आरोप लगाए
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव परिणाम को लेकर लालू यादव के साले और तेजस्वी यादव के मामा साधु यादव का बयान सामने आया है. NDTV से खास बातचीत में साधु यादव ने तेजस्वी को खुलकर नसीहत दी है. उन्होंने कहा,''तेजस्वी यादव बाहर घूमिएगा और चुनाव जीतने की बात कहिएगा, लेकिन चुनाव में सीरियस होना होगा. अगर आप नहीं सुधरेंगे तो बर्बाद हो जाएंगे.''
साधु यादव ने कहा कि तेजस्वी किसी के बहकावे में बहुत फंस चुका है या उसे कोई ब्लैकमेल कर रहा है. अगर ब्लैकमेल होना है तो सिंगल ब्लैकमेल हो, पार्टी को इसमें शामिल मत करें. जो साथ रह रहा है, वही तेजस्वी यादव को ब्लैकमेल कर रहा है. उन्होंने कहा, तेजस्वी यादव ने क्या पाप किया है कि मुंह छुपाकर बिहार से बाहर फिरते हैं? विदेश जाना है तो विदेश चले जाइए, पार्टी को छोड़ दीजिए.
कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- RJD छोड़ देगी तो कोई पूछने वाला नहीं है
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस RJD के बदौलत बिहार में है. RJD छोड़ देगी तो कांग्रेस को कोई पूछने वाला नहीं है.ज्यादा सीट लेकर सत्यानाश कर दिया, सीट को बेच दिया. कांग्रेस के अंदर ही दलाल बैठे हुए हैं. साधु यादव ने कहा, कांग्रेस को लात मारकर बाहर कर देना चाहिए. RJD को अकेले चुनाव लड़ना चाहिए. उन्होंने कहा कि लालू यादव को कांग्रेस ने बर्बाद किया. तेजस्वी यादव को भी कांग्रेस बर्बाद कर रही है और साथ में रहने वाले लोग भी. उन्होंने कहा कि पार्टी डिक्टेटरशिप से नहीं चलती, आपसी तालमेल से चलती है. साधु यादव ने आरोप लगाया, कुछ कर ही नहीं रहे हैं. पार्टी का स्थापना दिवस पहले ही मनाकर चले गए. पार्टी में डिसिप्लिन लाइए. उन्होंने कहा, मृत्युंजय तिवारी को कुछ लोगों ने निकलवा दिया.
शक्ति यादव और भोला यादव पर भी गंभीर आरोप
साधु यादव ने शक्ति यादव और भोला यादव पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, शक्ति यादव और भोला यादव दलाल लोग हैं, पार्टी को बर्बाद कर रहे हैं. भोला यादव ने पूरी तरह से पार्टी को बर्बाद कर दिया. उन्होंने कहा, ऐसे गद्दारों को पार्टी और घर में रखना ही नहीं चाहिए. जो चपरासी का काम कर रहा था, वह अब लालू यादव और राबड़ी देवी के सामने सोफे पर बैठ रहा है. साधु यादव ने कहा, इतना सब होने के बाद भी सबक नहीं मिल रहा है. घर में दलालों को क्यों घुसाया गया है? नुकसान ही नुकसान है. इन लोगों ने छवि खराब कर दी है. दलालों के कारण लालू यादव की फजीहत हो गई.
यह भी पढ़ें- बीजेपी सबसे बड़ी महिला विरोधी... महिला आरक्षण बिल को लेकर तेजस्वी यादव का हमला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं