बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. राज्य में बाढ़ से 13 जिलों में 88 लाख लोग प्रभावित हुए हैं. राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने यह जानकारी दी है. हालांकि, मृतकों की संख्या में लगातार तीसरे दिन कोई बढोतरी नहीं हुई। बाढ़ से अब तक 127 लोगों की मौतें हुई हैं. राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक आपदा से 13 जिले प्रभावित हुए हैं. सबसे ज्यादा 37 लोगों की मौत सीतामढ़ी में हई है. वहीं, मधुबनी में 30, अररिया (12), दरभंगा (12), शिवहर (10), पूर्णियां (नौ), किशनगंज (सात),मुजफ्फरपुर (चार), सुपौल (तीन), पूर्वी चंपारण (दो) और सहरसा में एक व्यक्ति की मौत हुई है.
बाढ़ प्रभावित दो जिलों- कटिहार और पश्चिमी चंपारण से अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है.आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा है कि राज्य में 13 जिलों की 1,269 पंचायतों के 111 प्रखंडों में 88.46 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं.
जल संसाधन विभाग के मुताबिक, पांच नदियां- बागमती, बूढी गंडक, कमला बलान, अधवारा और खिरोई नदी राज्य में नौ स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान मुताबिक अगले 24 घंटे में बिहार की सभी नदियों के जलग्रहण क्षेत्र में हल्की से सामान्य बारिश होने की संभावना है.
Video :असम और बिहार में बाढ़ का कहर जारी, अब तक बड़े पैमाने पर हुई क्षति
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं