विज्ञापन

बच्चों की लड़ाई ने ली पड़ोसी की जान, लाठी-डंडों से पीट-पीटरकर उतारा मौत के घाट

Bihar News: पुलिस ने घर में मौजूद एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है. अविनाश कुमार की रिपोर्ट.

बच्चों की लड़ाई ने ली पड़ोसी की जान, लाठी-डंडों से पीट-पीटरकर उतारा मौत के घाट
समस्तीपुर में पड़ोसी की हत्या.
  • समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में बच्चों के बीच खेल के विवाद से दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प हुई
  • झड़प में सुरो राय नामक युवक को गंभीर रूप से पीटा गया, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई
  • विवाद की शुरुआत बच्चों की मामूली मारपीट से हुई थी, जो बाद में परिवारों के बीच नोकझोंक और हिंसा में बदल गई
समस्तीपुर:

बिहार के समस्तीपुर जिले में एक दिल दहलादेने वाली घटना सामने आई है. दलसिंहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत केवटा वार्ड-15 में रविवार को एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया. बच्चों के बीच खेल के दौरान हुई कहासुनी देखते ही देखते दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई.

ये भी पढ़ें- बिहार के कटिहार में भीषण आग, 200 से अधिक दुकानें जलकर राख

पड़ोसी की पीट-पीटकर हत्या

मृतक की पहचान गांव निवासी राजेंद्र राय के 25 साल के बेटे सुरो राय उर्फ सूटो राय के रूप में हुई है.  घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है. जानकारी के मुताबिक, सुरो राय के भतीजे सोनू और हरिलाल राय के पोते के बीच खेलते समय हल्की मारपीट हो गई थी. इसको लेकर दोनों परिवारों की महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. आरोप है कि देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि हरिलाल राय के परिवार के लोग सुरो राय के घर में घुस आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया.

 परिजनों के मुताबिक, हमले में सुरो राय गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पहले अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. परिजन जब उन्हें समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

परिवार में मातम, पत्नी और मासूम बेटी बेसहारा

सुरो राय मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. उनकी एक साल की बेटी भी है. उसके सिर से पिता का साया उठ गया. घटना के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है. पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इधर सूचना मिलते ही डीएसपी विवेक कुमार शर्मा और थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया.

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

 वहीं घटना के बाद आरोपी पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने घर में मौजूद एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है. डीएसपी ने लोगों को शांत कराते हुए आश्वासन दिया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Samastipur News, Two Group Clash, Bihar Police ASI, Neighbor Killed Neighbor
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com