- एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस 12 मार्च से घरेलू उड़ानों पर प्रति टिकट 399 रुपये ईंधन अधिभार लगाएंगी.
- दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन के लिए उड़ानों पर भी 399 रुपये प्रति टिकट ईंधन अधिभार लागू होगा.
- पश्चिम एशिया के लिए ईंधन अधिभार दस अमेरिकी डॉलर, अफ्रीका के लिए नब्बे डॉलर निर्धारित किया गया है.
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष की वजह से विमान ईंधन (ATF) की कीमतें काफी बढ़ गई हैं. इसी कारण एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 12 मार्च से हर घरेलू उड़ान के टिकट पर 399 रुपये का अतिरिक्त ईंधन शुल्क लगाने का फैसला किया है. अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी ईंधन अधिभार बढ़ाया जाएगा. एयरलाइन ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि नई अधिभार प्रणाली धीरे-धीरे लागू की जाएगी. पहले चरण में 12 मार्च से घरेलू उड़ानों और दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) देशों के लिए जाने वाली उड़ानों पर प्रति टिकट 399 रुपये का ईंधन शुल्क जोड़ा जाएगा.

बयान में कहा गया कि पश्चिम एशिया की उड़ानों के लिए अधिभार 10 डॉलर, अफ्रीका के लिए 90 डॉलर और दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए 60 अमेरिकी डॉलर होगा. यह सभी बदलाव 12 मार्च से प्रभावी होंगे, जिसमें सिंगापुर की उड़ानें भी शामिल हैं. वर्तमान में सिंगापुर सेवाओं पर कोई ईंधन अधिभार नहीं है.
बयान में कहा गया, 'एयर इंडिया समूह ने आज अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर ईंधन अधिभार को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाने की घोषणा की, जो खाड़ी क्षेत्र में भू-राजनीतिक स्थिति के कारण जेट ईंधन की कीमतों में तेज वृद्धि के कारण आवश्यक हो गया है.'
सरचार्ज क्या होता है?
सरचार्ज या अधिभार का सीधा मतलब है—किसी मूल कीमत या टैक्स पर लगने वाला अतिरिक्त शुल्क. इसे आप 'टैक्स पर टैक्स' या 'कीमत पर अतिरिक्त बोझ' की तरह समझ सकते हैं. आमतौर पर सरकार या कंपनियां इसे दो स्थितियों में लगाती हैं: पहला, बहुत अधिक आय वाले लोगों पर अतिरिक्त टैक्स के रूप में, और दूसरा, किसी सेवा को देने में अचानक बढ़ी लागत (जैसे विमान ईंधन की बढ़ती कीमतें) की भरपाई के लिए.
ये भी पढ़ें : Indigo CEO Resigns : देश की सबसे कामयाब एयरलाइन के CEO को क्यों देना पड़ा इस्तीफा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं