रक्षाबंधन के मौके पर बिहार के रोहतास से दिल दहला देने वाली खबर आई है. जिले के डालमियानगर थाना क्षेत्र में राखी के त्योहार से ठीक पहले एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं. मनेरी बीघा में ढाई साल का मासूम रियांश खेलते-खेलते पानी निकासी के खुले नाले में गिर गया और नाले में पड़े आरसीसी पाइप के अंदर फंस गया. करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे पाइप काटकर बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
राखी के लिए मौसी के घर आया था परिवार
जानकारी के मुताबिक, कैमूर जिले के सबार थाना क्षेत्र निवासी रोहित पासवान अपनी पत्नी रिंकी देवी और ढाई साल के बेटे रियांश के साथ राखी के त्योहार पर डालमियानगर थाना क्षेत्र के मनेरी बीघा स्थित अपनी मौसी के घर आए थे. रियांश को अपनी मौसेरी बहन से राखी बंधवानी थी. घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं और परिवार के लोग इसी में व्यस्त थे.
दोपहर के वक्त रियांश बैलून से खेल रहा था. इसी दौरान वह अचानक घर से बाहर निकल गया. खेलते-खेलते उसका बैलून घर के पास सिंचाई के लिए बने खुले नाले में पड़े आरसीसी पाइप में जा फंसा. बैलून निकालने की कोशिश में मासूम नाले में जा गिरा और पाइप के अंदर फंस गया. पूरी घटना घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
इसके बाद तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही डालमियानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया गया.
ये भी पढ़ें: तिलक से लौटे और;रोहतास में एकसाथ पांच लोगों की मौत से हड़कंप,जांच करने टीम भी आ गई
चार घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
आरसीसी पाइप के अंदर बच्चे के फंस जाने की वजह से रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ड्रिल मशीन की मदद से आरसीसी पाइप को काटकर रियांश को बाहर निकाला गया. बच्चे को बाहर निकाले जाने के वक्त वह अचेत अवस्था में था. स्थानीय लोगों ने मौके पर ही उसे सीपीआर देने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस वाहन से बच्चे को डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राम लखन सिंह ने बताया कि करीब ढाई साल के बच्चे को अस्पताल लाया गया था. डॉक्टर के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी. जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल...
मृतक की मौसी प्रमिता देवी ने रोते हुए कहा कि प्रियांश बाहर खेल रहा था, खुले नाले में गिर गया. इसके बाद सीसीटीवी में देखा गया, तो पता चला. पता चलने के बाद हमने प्रशासन को जानकारी दी.
डेरी के अनुमंडलीय अस्पताल में डॉक्टर आरएल सिंह ने बताया कि बच्चा नाले में कूद गया था. जानकारी मिली कि बहुत छान-बीन करने के बाद पता कि वह नाले में है. ऐसा लगता है कि घटना सुबह 9-10 बजे के बीच की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं