बिहार में मनेर के पूर्व विधायक भाई वीरेंद्र के स्टाइल में एक और ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल ऑडियो के अनुसार, कुर्था के जदयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा बिजली विभाग के कनिय अभियंता (Junior Engineer) को जूता से मारने और शिष्टाचार भूल जाने की बात कर रहे हैं. अरवल जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, अरवल में पदस्थापित कनीय विद्युत अभियंता नितीश कुमार ने कुर्था के जदयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा पर मारपीट, गाली-गलौज, धमकी देने तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का गंभीर आरोप लगाया. इस बारे में अभियंता ने बताया कि 13 जून की शाम विधायक ने मोबाइल फोन पर रामलग्न बीघा गांव में ट्रांसफार्मर नहीं बदलने को लेकर बातचीत की.
विधायक पर आरोप- गाली-गलौज की
अभियंता का आरोप है कि बातचीत के दौरान विधायक ने अपशब्दों का प्रयोग किया और बाद में व्हाट्सएप कॉल कर भी गाली-गलौज की. उन्होंने बताया कि मंगलवार दोपहर को मोकरी गांव में ट्रांसफार्मर की जांच के सिलसिले में अपने सहयोगियों के साथ गए हुए थे. वहीं से विधायक द्वारा सर्किट हाउस बुलवाया गया. आरोप है कि वहां विधायक पप्पू कुमार वर्मा ने उन्हें मोबाइल फोन बंद रखने को कहा और फिर गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की और मारपीट की.
वायरल ऑडियो में क्या हुई बातचीत?
जेई- जी विधायक जी नमस्कार
विधायक- कौन बोल रहा है
जेई- बिजली विभाग के जेई साहब बोल रहे हैं
विधायक- अरे तुम शिष्टाचार भूल गए हो, विधायक फोन कर रहा, तो कह रहा- बोलिए
जेई- क्या बात है बोलिए
विधायक- राम लगन बीघा में ट्रांसफार्मर अब तक चेंज नहीं किया
तुम शिष्टाचार भूल गए हो कि विधायक से कैसे बातचीत की जाती है
जूता निकाल के मारेंगे.
पुलिस में विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
अभियंता ने यह भी आरोप लगाया है कि विधायक ने उन्हें नौकरी करने से रोकने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. विधायक द्वारा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित हुआ. अभियंता ने अरवल सदर थाना में कुर्था के जदयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराते हुये मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
विधायक बोले- आरोप बेबुनियाद हैं
हालांकि इस मामले में कुर्था विधायक पप्पू कुमार वर्मा द्वारा सफाई दिया गया और बताया गया कि अपने विधानसभा क्षेत्र के रामलगन बीघा गांव में कई दिनों से ट्रांसफार्मर खराब है, जिसके सिलसिले में उनसे बातचीत हुई थी और अब तक वहां पर ट्रांसफार्मर का बदलाव नहीं किया गया. उसी को लेकर जेई साहब को अतिथि गृह में बुलाकर पूरे मामले से अवगत कराया गया और जो भी उनके द्वारा आरोप लगाए गए हैं, बिल्कुल बेबुनियाद है.
वहीं इस मामले में सदर थाना अध्यक्ष दरबारी चौधरी ने बताया कि बिजली विभाग अरवल के विद्युत अभियंता द्वारा नितीश कुमार के द्वारा कुर्था के जदयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा के खिलाफ गाली गलौज मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने से संबंधित आवेदन दिए गए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने में लगी है.
यह भी पढे़ं-
लालू के लिए खास कमरा, महीनेभर की मोहलत; राबड़ी ने बंगले को लेकर सरकार को लिखा पत्र
चुनाव लड़ने की तैयारी में था रौशन आनंद का भाई प्रिंस यादव, खान सर पर लगाया हत्या का आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं