Bihar News: बिहार के नालंदा जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. चंडी थाना क्षेत्र में सालेहपुर मोड़ और गौढ़ापुर के बीच तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी. हादसा इतना गंभीर था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
तीन छात्रों ने तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार इस हादसे में नालंदा इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्रों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान आशीष कुमार, राहुल कुमार और उत्सव सिंह के रूप में हुई है. वहीं शशिकांत और धीरज कश्यप गंभीर रूप से घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया हादसे का कारण
स्थानीय लोगों के मुताबिक कार चंडी की ओर से तेज गति में आ रही थी. गौढ़ापुर के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार गड्ढे में जा गिरी. हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला.
घायलों को तुरंत पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से चंडी अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने आशीष कुमार और राहुल कुमार को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल उत्सव सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
पुलिस जांच में जुटी
चंडी थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना माना जा रहा है. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. एक साथ तीन छात्रों की मौत से परिवारों और कॉलेज में गहरा दुख है.
यह भी पढ़ें- मंत्री की बैठक के दौरान रील देखने में व्यस्त थीं अधिकारी, वीडियो आया सामने; अब गिरेगी गाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं