बिहार में होने वाले विधान परिषद चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी ने शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की छह सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. इसके साथ ही राजद ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि कुल आठ सीटों में से दो सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी जाएंगी.
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में ये बने उम्मीदवार
राजद ने दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं. पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संजीव सिंह को चुनाव मैदान में उतारा गया है. वहीं सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जयराम यादव को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है. दोनों नामों की घोषणा के साथ ही इन क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है.

पार्टी ने उम्मीदवार की लिस्ट जारी की है.
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों पर भी घोषित किए चेहरे
पार्टी ने चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए भी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दिलीप कुमार को टिकट दिया गया है. कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नितेश कुमार उम्मीदवार होंगे. दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अनिल कुमार झा को मैदान में उतारा गया है, जबकि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रश्मि गौतम को पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है.
गठबंधन राजनीति का भी रखा ध्यान
बिहार विधान परिषद की कुल आठ सीटों पर चुनाव होना है. राजद ने इनमें से छह सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, जबकि दो सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी हैं. माना जा रहा है कि यह फैसला महागठबंधन के भीतर समन्वय बनाए रखने और सहयोगी दलों को उचित भागीदारी देने की रणनीति का हिस्सा है. उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही बिहार में विधान परिषद चुनाव की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है.
यह भी पढ़ें- CM के सामने इंतजाम, दौरा खत्म होते ही गायब? हाजीपुर बाढ़ राहत शिविर में वायरल वीडियो-ऑडियो से उठे बड़े सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं