विज्ञापन

चिनाब ब्रिज पर 100 KM/H की रफ्तार से दौड़ी वंदे भारत, अब दिल्ली से कश्मीर जाना हो जाएगा सुपरफास्ट

कटरा-बनिहाल सेक्शन पर ट्रेनों की अधिकतम गति 75 किमी/घंटा से बढ़ाकर 100 किमी/घंटा कर दी गई है. सफल ट्रायल के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस ने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब ब्रिज और अंजी रेल ब्रिज को 100 किमी/घंटा की रफ्तार से पार किया.

  • श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल सेक्शन पर ट्रेन की अधिकतम गति बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा हुई
  • वंदे भारत एक्सप्रेस ने दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब आर्च ब्रिज पर 100KM/H घंटे की रफ्तार से सफल ट्रायल पूरा
  • गति वृद्धि से यूएसबीआरएल कॉरिडोर पर ऑपरेशनल क्षमता बेहतर होगी और कश्मीर घाटी की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी

दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब पर वंदे भारत एक्सप्रेस ने 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार भरी है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसका वीडियो भी शेयर किया है. उन्होंने बताया कि 111 किलोमीटर लंबे श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल सेक्शन पर अधिकतम ट्रेन की स्पीड को 75 किमी/घंटा से बढ़ाकर 100 किमी/घंटा कर दिया गया है. साथ ही, इसे उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) प्रोजेक्ट पर रेल संचालन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.

रेल मंत्री बोले- ये ऐतिहासिक है

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में मंत्री ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि रफ्तार में वृद्धि सफल ट्रायल के बाद की गई है. उन्होंने कहा, 'आज का दिन ऐतिहासिक है. 111 किलोमीटर लंबे श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल सेक्शन पर अधिकतम अनुमत गति को 75 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिया गया है.'

चिनाब ब्रिज पर 100 की रफ्तार से दौड़ी वंदे भारत

ट्रायल के दौरान, वंदे भारत एक्सप्रेस ने 100 किमी/घंटा की रफ्तार से दुनिया का सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब ब्रिज और अंजी में भारत के पहले केबल-स्टेयड रेल ब्रिज को पार किया. रफ्तार में इस इजाफे से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण यूएसबीआरएल कॉरिडोर पर ऑपरेशनल क्षमता में सुधार की उम्मीद है, जो कश्मीर घाटी को राष्ट्रीय रेलवे नेटवर्क से जोड़ता है. रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस कदम से यात्रा का समय कम होगा और यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अधिक आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा.

वैष्णव ने कहा, 'आज बढ़ी हुई स्पीड का सफल परीक्षण किया गया. वंदे भारत एक्सप्रेस ने दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब ब्रिज और भारत के पहले केबल-स्टे वाले अंजी ब्रिज को 100 किमी/घंटा की रफ्तार से पार करके एक नया रिकॉर्ड बनाया.' मंत्री ने कहा कि इससे यूएसबीआरएल प्रोजेक्ट पर ट्रेन का संचालन आसान होगा, यात्रा का समय कम होगा और यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा.

चिनाब ब्रिज और अंजी ब्रिज यूएसबीआरएल प्रोजेक्ट की अहम इंजीनियरिंग उपलब्धियों में से हैं. इस प्रोजेक्ट को जम्मू-कश्मीर में हर मौसम में काम करने वाली रेल कनेक्टिविटी देने के लिए बनाया गया है. उम्मीद है कि स्पीड में हुई इस बढ़ोतरी से इस रूट पर रेल सेवाएं और मजबूत होंगी और पूरे इलाके में कनेक्टिविटी बेहतर होगी.

यह भी पढ़ें: बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन अक्टूबर में पकड़ेगी रफ्तार, 16 घंटे सफर, सोलापुर-कल्याण समेत 8 स्टॉपेज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vande Bharat, Vande Bharat 12 Hours, Vande Bharat News, Vande Bharat Kashmir, Vande Bharat Kashmir Train
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com