- बिहार के मधेपुरा जिले के इटहरी गांव में 12 साल के सुमित कुमार की धारदार हथियार से हत्या
- हत्या के बाद ग्रामीणों ने आरोपी अनिल यादव को पकड़कर उसकी पिटाई की जिससे उसकी भी मौत हो गई
- घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बिहार के मधेपुरा जिले से हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है. जहां एक तरफ 12 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी गई, तो दूसरी तरफ गुस्साई भीड़ की पिटाई में आरोपी की भी मौत हो गई. कुछ ही घंटों में दो लोगों की मौत से पूरे इलाके में तनाव और सनसनी फैल गई.
क्या हुआ था?
घटना घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इटहरी गांव की है. इटहरी गांव के वार्ड नंबर-2 निवासी सुनील ठाकुर का 12 साल का बेटा सुमित कुमार अपने दो साथियों के साथ शौच के लिए निकला था. लेकिन रास्ते में पुल के पास वहां पहले से मौजूद अनिल यादव ने सुमित को पकड़ लिया और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.
बचाने पहुंचे ग्रामीण, लेकिन नहीं बच सकी जान
ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सुमित को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. आरोप है कि बचाव के लिए पहुंचे कुछ लोगों पर भी हमलावर ने दबिया से हमला किया. मासूम की हत्या की खबर गांव में फैलते ही माहौल गरमा गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर पहुंचने लगे.
हत्या की खबर से भड़का आक्रोश
सुमित की मौत की खबर से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. आरोप है कि लोगों ने आरोपी अनिल यादव को घेर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी. पिटाई में अनिल यादव की भी मौत हो गई. उसकी उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है. वह बराही गांव के वार्ड नंबर-8 का निवासी था.
इस तरह कुछ ही देर में मामला दो मौतों तक पहुंच गया. एक ओर सुमित के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, तो दूसरी ओर आरोपी की मौत ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया.
आखिर क्या थी हत्या की वजह?
घटना के पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है. मासूम पर हमला क्यों किया गया? और किन परिस्थितियों में ग्रामीणों ने कथित आरोपी की पिटाई की? इन सवालों के जवाब अभी सामने नहीं आए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही घैलाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मधेपुरा के SDPO अजय कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: लाड़ली बहना योजना का झांसा; ग्वालियर में 80 वर्षीय महिला को दिनभर ऑटो में घुमाया, फिर जेवर लेकर भाग गई युवती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं