- लाड़ली बहना योजना का फॉर्म भरवाने के बहाने बुजुर्ग महिला से लाखों की ठगी
- ग्वालियर में 80 साल की महिला को दिनभर घुमाया, फिर जेवर लेकर भागी युवती
- गुलाबी सूट वाली युवती की तलाश में पुलिस, CCTV में कैद हुई तस्वीर
मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में बुजुर्गों को निशाना बनाकर ठगी करने वाले गिरोहों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है. लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर एक 80 वर्षीय महिला से लाखों रुपये के जेवर और जरूरी दस्तावेज ठग लिए गए. आरोपी युवती ने खुद को मददगार बताते हुए बुजुर्ग महिला को फॉर्म भरवाने के बहाने ऑटो में बैठाया और दिनभर शहर में घुमाती रही. बाद में भीड़ में चोरी का डर दिखाकर जेवर उतरवा लिए और मौका मिलते ही सामान से भरा थैला लेकर फरार हो गई.
लाड़ली बहना योजना का दिया झांसा
NDTV को प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्वालियर के गली नंबर-1 क्षेत्र में रहने वाली 80 वर्षीय विद्या बाई कुशवाह अपने घर पर कॉस्मेटिक की छोटी दुकान चलाती हैं. शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह दुकान पर अकेली बैठी थीं.
जब बुजुर्ग महिला ने मना किया तो युवती ने खुद को मददगार बताते हुए कहा कि वह उनका फॉर्म भरवा देगी, लेकिन इसके लिए बड़े कार्यालय में जाना होगा.

सीसीटीवी का स्क्रीनशॉट
Photo Credit: NDTV
दिनभर शहर में घुमाती रही आरोपी
युवती की बातों पर भरोसा कर विद्या बाई उसके साथ ऑटो में बैठ गईं. आरोपी पहले उन्हें बहोड़ापुर चौराहे ले गई. वहां कोई सरकारी कार्यालय नहीं दिखा तो बुजुर्ग महिला ने घर वापस छोड़ने की बात कही. इसके बाद युवती उन्हें पुरानी छावनी क्षेत्र ले गई. जब महिला ने विरोध किया तो ऑटो को वापस बाड़ा इलाके की ओर ले जाया गया. बाद में आरोपी उन्हें सागर होटल वाली गली में लेकर पहुंची, जहां उसने अपनी योजना को अंजाम दिया.
जेवर कटने का डर दिखाकर उतरवाए गहने
आरोपी युवती ने विद्या बाई से कहा कि महाराज बाड़ा क्षेत्र में काफी भीड़ रहती है और वहां जेवर कटने का खतरा है. उसने महिला को सलाह दी कि वे अपने सारे जेवर और कीमती सामान उतारकर थैले में रख लें. युवती के झांसे में आकर विद्या बाई ने सोने के टॉप्स, सोने के मोतियों वाला मंगलसूत्र, पेंडल, चांदी की अंगूठी, 200 रुपये नकद, घर की चाबियों के दो गुच्छे, पैन कार्ड और वोटर आईडी समेत अन्य सामान एक छोटे थैले में रख लिया.

झांसी रोड थाना की पुलिस कर रही है इस मामले की पड़ताल
Photo Credit: NDTV
मौका मिलते ही थैला लेकर फरार
सामान थैले में रखवाने के बाद युवती लगातार उन्हें बातों में उलझाती रही. इसी बीच मौका देखकर वह जेवरों और दस्तावेजों से भरा थैला लेकर फरार हो गई. ठगी का अहसास होने पर बुजुर्ग महिला घबरा गईं. बताया गया है कि एक ई-रिक्शा चालक की मदद से वह किसी तरह घर पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी.
सीसीटीवी फुटेज में दिखी संदिग्ध युवती
घटना की शिकायत मिलने पर झांसी रोड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें एक स्थान पर गुलाबी सलवार-सूट पहने संदिग्ध युवती बुजुर्ग महिला के साथ नजर आई है.
ASP जयराज कुवेर के अनुसार पुलिस फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवती को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
यह भी पढ़ें : दुर्गा पूजा से पहले लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त? जरूरी काम करने के बाद ही मिलेंगे 1500 रुपये
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं