- कटिहार में BJP नेता के घर में भाई को लगी गोली, पारिवारिक विवाद में हुआ था झगड़ा
- गोलीबारी की घटना जमीन और मकान के बंटवारे के पारिवारिक विवाद के चलते हुई थी जिसमें दोनों भाइयों के बीच मतभेद थे
- पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है और एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया
बिहार के कटिहार जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक घरेलू विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. सहायक थाना क्षेत्र के गौशाला हवाई अड्डा मोहल्ले में बीजेपी नेता ओम प्रकाश यादव के भाई विकास यादव को घर के अंदर ही गोली मार दी गई. गोलीबारी की इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।. आनन-फानन में घायल विकास यादव को इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया है.
घर के अंदर ही मारी गोली
कटिहार के एसपी ने बताया कि यह मामला सहायक थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा इलाके का है. यहां जमीन और मकान के बंटवारे का पारिवारिक विवाद था. दोनों भाइयों के बीच लंबे वक्त से मतभेद थे. इस बीच एक भाई विकास यादव को घर के अंदर गोली मार दी गई. आरोप सगे भाई अखिलेश यादव पर है. शुरुआती जानकारी के अनुसार अखिलेश यादव के दो सालों बिट्टू और चिंटू द्वारा यह गोली चलाई गई है.
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया जा रहा है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. वहीं घायल विकास यादव का इलाज पूर्णिया के मैक्स अस्पताल में चल रहा है. घायल को कितनी गोलियां लगी हैं, यह मेडिकल जांच और एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा.
क्या है पूरा मामला?
स्थानीय सूत्रों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विकास यादव और उनके भाई अखिलेश यादव के बीच पिछले कुछ समय से जमीन और मकान के हिस्सों को लेकर विवाद चल रहा था. बुधवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि बात बहस से बढ़कर सीधे जान लेने पर आमादा हो गई. आरोप है कि अखिलेश यादव के दोनों सालों ने हथियार निकाल लिया और घर के अंदर ही विकास यादव पर फायरिंग कर दी. गोली सीधे विकास यादव को लगी और वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना की आवाज सुनते ही आसपास के लोग और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में खून से लथपथ विकास यादव को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. सूचना मिलते ही कटिहार के एसपी परिचय कुमार टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग ठिकानों पर पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: 17 ATM मशीनों से 83 लाख रुपये गायब, कैश वैन में सभी एटीएम की चाबियां छोड़ 2 कर्मचारी भी फरार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं