Jehanabad News: बिहार में सत्ता परिवर्तन और एनडीए सरकार के गठन के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. जहानाबाद से राजद विधायक राहुल कुमार (MLA Rahul Kumar) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) और एनडीए गठबंधन पर कड़ा प्रहार किया है. विधायक ने वर्तमान सरकार की तुलना 'राहु-केतु' से करते हुए दावा किया कि बिहार के विकास पर ग्रहण लग चुका है.
'नीतीश कुमार इस अपमान के हकदार नहीं थे'
विधायक राहुल कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे और नई सरकार की प्रक्रिया पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा, 'हमने और हमारे नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के साथ काम किया है. उन्होंने बिहार के लिए काम किया, लेकिन जिस तरह उन्हें धकिया कर पद से हटाया गया, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. वे इस तरह के व्यवहार के हकदार नहीं थे.'
इस्तीफे की प्रक्रिया पर उठाए गंभीर सवाल
राजद विधायक ने इस्तीफे की गोपनीयता और प्रक्रिया पर भी संदेह जताया. उन्होंने दावा किया कि इस्तीफे की कॉपी में मुख्यमंत्री का नाम तक टाइप नहीं था, बल्कि नाम की जगह खाली छोड़ी गई थी जिसे बाद में कलम से भरा गया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे किसी ने 25 साल पहले ही इस्तीफा लिखवाकर रख लिया था और आज उसे पेश कर दिया गया.
'राहु-केतु की तरह चल रही सरकार'
एनडीए गठबंधन पर निशाना साधते हुए राहुल कुमार ने कहा कि वर्तमान सरकार राहु-केतु की तरह है. एक का धड़ है तो दूसरे का सिर, दोनों का कोई मेल नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस सियासी खींचतान में जनता पिस रही है और पिछले डेढ़ महीने से बिहार में विकास कार्य ठप हैं, जिससे मजदूरों और ठेकेदारों को भुगतान नहीं मिल पा रहा है.
ये भी पढ़ें:- CM योगी की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला मौलाना गिरफ्तार, बिहार से पकड़ा गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं