विज्ञापन
This Article is From Oct 02, 2025

केसरिया में JDU की शालिनी मिश्रा ने नीतीश की नाक ऊंची रखी, VIP प्रत्याशी को बड़े अंतर से हराया

Kesaria Election Results 2025 : एनडीए गठबंधन ने केसरिया विधानसभा चुनाव रिजल्ट में बाजी मार ली है. यहां से जेडीयू की शालिनी मिश्रा जीती हैं.

केसरिया में JDU की शालिनी मिश्रा ने नीतीश की नाक ऊंची रखी, VIP प्रत्याशी को बड़े अंतर से हराया
Kesaria Election 2025
केसरिया:

Kesaria Election Results 2025: केसरिया सीट पर जेडीयू प्रत्याशी शालिनी मिश्रा ने विकासशील इंसान पार्टी के प्रत्याशी वरुण विजय को 16 हजार से भी अधिक वोटों से चुनाव हराया. शालिनी मिश्रा को 78192 वोट मिले, जबकि वरुण विजय 61852 वोट ही हासिल कर सके. इस सीट पर जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी को 11206 के करीब वोट मिले हैं, जो महागठबंधन के लिए बड़ा नुकसान साबित हुआ. यहां जदयू ने मौजूदा विधायक शालिनी मिश्रा को दोबारा टिकट दिया था तो महागठबंधन से विकासशील इंसान पार्टी के वरुण विजय मैदान में थे. 

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले की केसरिया विधानसभा सीट पूर्वी चंपारण लोकसभा क्षेत्र के तहत आती है. केसरिया विधानसभा सीट सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है और 1951 में अस्तित्व में आई थी. साल 2008 में परिसीमन के बाद इसमें नए इलाके जुड़े. इसमें केसरिया प्रखंड के साथ-साथ संग्रामपुर और कल्याणपुर ब्लॉक के कुछ हिस्से भी शामिल किए गए.

भगवान बुद्ध की अंतिम यात्रा से जुड़ा केसरिया का नाम

केसरिया का नाम विश्व प्रसिद्ध बौद्ध स्तूप के कारण ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान रखता है. यह वही स्थल है जो भगवान बुद्ध की अंतिम यात्रा से जुड़ा है. भौगोलिक रूप से यह क्षेत्र मोतिहारी से करीब 40 किलोमीटर दूर है. निकटतम रेलवे स्टेशन चकिया है, जो लगभग 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. यह इलाका मुख्यतः ग्रामीण और कृषि-प्रधान है. यहां धान, गेहूं और मक्का प्रमुख फसलें हैं. बड़े उद्योगों की कमी है, लेकिन छोटे व्यापार और प्रवासी मजदूरों से आने वाली धनराशि स्थानीय अर्थव्यवस्था को सहारा देती है. आधारभूत संरचना और ग्रामीण सड़क संपर्क को लेकर समस्याएं हैं.

साल 2020 में ये रहे थे आंकड़े

2020 के विधानसभा चुनाव में यहां 2,67,733 मतदाता दर्ज थे, जो 2024 के लोकसभा चुनाव में बढ़कर 2,72,436 हो गए. चुनाव आयोग के अनुसार, 2020 के बाद 1,936 मतदाता क्षेत्र से बाहर चले गए. इस सीट पर औसतन मतदान प्रतिशत 55 से 57 के बीच रहा है. सामाजिक समीकरण में अनुसूचित जातियों की हिस्सेदारी करीब 11.4 प्रतिशत (30,522 मतदाता), अनुसूचित जनजातियों की 0.35 प्रतिशत (937 मतदाता) और मुस्लिम समुदाय की 13.9 प्रतिशत (37,215 मतदाता) है. शहरी मतदाता 5 प्रतिशत से भी कम हैं.

कैसा रहा है चुनावी इतिहास

अब तक के चुनावी इतिहास में केसरिया सीट पर 17 बार मतदान हो चुका है. इनमें सबसे ज्यादा बार जीत भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने 6 बार दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 4 बार सफलता मिली. जनता दल (यू) और इसकी पूर्ववर्ती समता पार्टी ने 3 बार, राजद ने 2 बार, और जनता पार्टी और भाजपा ने एक-एक बार जीत हासिल की है.केसरिया विधानसभा की खासियत यह है कि यहां मतदाता आम तौर पर स्पष्ट जनादेश देते हैं. 2020 का विधानसभा चुनाव इस मायने में अपवाद रहा, जब जीत का अंतर केवल 9,227 वोटों का था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Election 2025, Bihar Election 2025 Date, Kesaria Election Results 2025
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com