बिहार में विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections 2020) की तैयारियां जोरों पर हैं. चुनाव नजदीक आते देख प्रत्याशियों और नेताओं ने जनसंपर्क तेज कर दिया है. मंत्री और विधायक भी विभिन्न क्षेत्रों में जाकर जनता से वोट मांग रहे हैं. इस दौरान, नेताओं को लोगों के गुस्से का भी सामना करना पड़ रहा है. आरजेडी नेता और राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के मुताबिक, बिहार सरकार के मंत्री और कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक महेश्वर हजारी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. जनता ने सड़क नहीं तो वोट नहीं बोलकर उन्हें गांव से जाने के लिए कह दिया. तेजस्वी ने इस घटना का वीडियो भी शेयर किया है.
तेजस्वी की ओर से शेयर किए गए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मंत्री अपने समर्थकों के साथ बाइक पर बैठकर वोट मांगने निकले थे. इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया और जमकर हंगामा किया. विरोध कर रहे लोगों ने 'रोड नहीं तो वोट नहीं' का नारा लगाया. वे उन्हें गांव से जाने के लिए कहते हुए दिखाई दे रहे हैं.

तेजस्वी यादव की ओर से शेयर किए वीडियो का स्क्रीनशॉट
पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी ने इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए बिहार सरकार और सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोला है. तेजस्वी ने अपने ट्वीट में लिखा, "बिहार सरकार के मंत्री और कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र से 10 वर्ष से विधायक महेश्वर हजारी को आक्रोशित जनता ने सड़क नहीं तो वोट नहीं बोल कर अपने गांव से भगा दिया. नीतीश कुमार जी के कागजी विकास की पोल खुल चुकी है. चाहे वो चमकी बुख़ार हो, जल जमाव हो, बाढ़ हो, सुखाड़ हो, कोरोना हो."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं