महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर जारी चर्चाओं के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुणे दौरा काफी अहम माना जा रहा है. रविवार को पुणे पहुंचे अमित शाह दो दिन तक महाराष्ट्र में रहेंगे.
उनके दौरे का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण है. हालांकि, यह कार्यक्रम एक श्रद्धांजलि समारोह है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं.
शुरुआत में अमित शाह के इस कार्यक्रम में केवल 20 मिनट रुकने की जानकारी थी, लेकिन अब उनका समय बढ़ाकर करीब 40 मिनट किए जाने की बात सामने आई है.
ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस दौरान शाह की एनसीपी अध्यक्ष और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार के साथ अलग से बातचीत भी हो सकती है. इस मुलाकात का स्वरूप और इसमें होने वाली बातचीत क्या होगी, इस पर सभी की नजरें रहेंगी.
विलय पर राजनीतिक हलचल बरकरार
अमित शाह के पुणे दौरे को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि पिछले कुछ दिनों से दोनों एनसीपी गुटों के एक साथ आने की अटकलों ने जोर पकड़ा था.
अजित पवार के निधन के बाद यह सवाल उठने लगा था कि दोनों गुटों को एक करने की जो पहल उन्होंने शुरू की थी, क्या वह अब आगे बढ़ेगी?
दरअसल, हाल के दिनों में दोनों गुटों के नेताओं के बीच मुलाकातों का सिलसिला देखने को मिला. अजित पवार के बेटे और सांसद पार्थ पवार ने शरद पवार से मुलाकात की. इसके अलावा प्रफुल्ल पटेल, जयंत पाटिल और अन्य नेताओं की मुलाकातों को भी संभावित विलय की कोशिशों से जोड़कर देखा गया.
अजित पवार गुट के कुछ विधायकों के शरद पवार से मिलने के लिए समय मांगे जाने की खबरों ने भी इन चर्चाओं को हवा दी. हालांकि, इन मुलाकातों का एजेंडा आधिकारिक तौर पर विलय बताया नहीं गया है.
इस बीच सुप्रिया सुले ने साफ कर दिया कि अजित पवार के निधन के बाद उनकी ओर से विलय को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं आया है और न ही इस संबंध में उनसे किसी ने बातचीत की है.
उन्होंने एक बार फिर इस चर्चा पर विराम लगाते हुए कहा कि अब उन्हें इस विषय पर बात करने में भी रुचि नहीं है. उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ है. इस बयान से विलय की संभावनाओं को बड़ा झटका लगा है.
दूसरी ओर, सुनेत्रा पवार का रुख अपेक्षाकृत खुला दिखाई दिया है. जब उनसे दोनों गुटों के एक होने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा था कि समय आने पर सभी बातें साफ हो जाएंगी. ऐसे में अमित शाह के साथ उनकी संभावित मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
हालांकि, इस मुलाकात में विलय पर चर्चा होगी या नहीं, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है.

सुनेत्रा पवार.
Photo Credit: IANS
यह भी पढ़ें | परिसीमन बिल पर शरद पवार की NCP में मतभेद? जितेंद्र आव्हाड की बेटी ने क्यों बताया 'असंवैधानिक'
दिल्ली की राजनीति और संसद का गणित
अमित शाह के दौरे का एक बड़ा राजनीतिक पहलू दिल्ली की राजनीति से भी जुड़ा है. सूत्रों के हवाले से संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने और महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधायी प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की चर्चाएं हैं.
हालांकि, विशेष सत्र के आयोजन और उसके संभावित विधायी एजेंडे को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
महिला आरक्षण कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है. इसे जनगणना और परिसीमन से जोड़ा गया है. परिसीमन के बाद लोकसभा की सीटों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों की संरचना में बदलाव की संभावना भी इस बहस का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
ऐसे में केंद्र में सत्तारूढ़ एनडीए के लिए संसद में पर्याप्त संख्याबल बनाए रखना अहम होगा. संविधान संशोधन से जुड़े प्रस्तावों के लिए विशेष बहुमत की जरूरत होती है. इसलिए इस राजनीतिक गणित में सहयोगी दलों का समर्थन महत्वपूर्ण है.
यदि अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी या शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (शरदचंद्र पवार) एनडीए के साथ आती है, तो केंद्र की राजनीति में सत्तारूढ़ गठबंधन की संख्या और राजनीतिक स्थिति को मजबूती मिल सकती है.
यह भी पढ़ें | 'वोट चोर' की नारेबाजी पर अमित शाह का राहुल को जवाब- नाम भारत समिट, काम भारत को बदनाम करने का
अजित पवार के राजनीतिक फैसले और शाह के भाषण पर नजर
इस पूरे घटनाक्रम में एक और महत्वपूर्ण पहलू अजित पवार की राजनीतिक विरासत का है. अजित पवार ने 2023 में अपने चाचा शरद पवार से अलग होकर एनसीपी में बगावत की थी और भाजपा-शिवसेना के नेतृत्व वाले एनडीए के साथ सरकार में शामिल हुए थे.
उन्होंने अपने इस फैसले के जरिए महाराष्ट्र की सत्ता का समीकरण बदल दिया था. बाद में वह महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री बने और एनसीपी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली.
ऐसे में अमित शाह जब उनकी प्रतिमा का अनावरण करेंगे, तो उनके भाषण में अजित पवार के राजनीतिक योगदान और उनके साथ रहे संबंधों का जिक्र किस तरह होता है, यह भी महत्वपूर्ण होगा. क्या शाह अजित पवार को महायुति के एक मजबूत सहयोगी और विकास के लिए प्रतिबद्ध नेता के रूप में याद करेंगे? क्या वह उनके राजनीतिक फैसलों और शरद पवार से अलग होकर एनडीए में शामिल होने के निर्णय का भी उल्लेख करेंगे? या फिर दोनों एनसीपी गुटों को एक साथ लाने की कोई राजनीतिक अपील करेंगे?
इन सवालों के जवाब उनके भाषण से मिलने की उम्मीद है.

शरद पवार और सुप्रिया सुले.
Photo Credit: IANS
क्या शाह दोनों एनसीपी गुटों के बीच बर्फ पिघला पाएंगे?
अमित शाह के इस दौरे के दौरान एक और घटनाक्रम पर नजर रहेगी. हाल ही में सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार की अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात हुई थी.
वहीं, एनसीपी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने भी शाह से अलग मुलाकात की थी. इन मुलाकातों के बाद पार्टी के भीतर नेतृत्व, वित्त मंत्रालय और राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हुई थीं.
अब पुणे में अजित पवार की प्रतिमा के अनावरण के बहाने एनसीपी के तमाम बड़े नेताओं की मौजूदगी में अमित शाह को पार्टी के नेताओं से संवाद का अवसर मिलेगा. यह देखना भी दिलचस्प होगा कि क्या वह सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार के साथ अलग से कोई राजनीतिक चर्चा करते हैं.
फिलहाल सुप्रिया सुले के साफ इनकार के बाद दोनों एनसीपी गुटों के विलय का रास्ता आसान नजर नहीं आता. इसके बावजूद अजित पवार गुट के भीतर चल रही राजनीतिक गतिविधियां, नेताओं की शरद पवार से मुलाकात की कोशिशें और सुनेत्रा पवार के संकेत बताते हैं कि पार्टी के भविष्य को लेकर मंथन जारी है.
इसलिए अमित शाह का पुणे दौरा सिर्फ एक प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के भविष्य और महायुति के राजनीतिक विस्तार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है.
अब सभी की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि अमित शाह अजित पवार को याद करते हुए क्या संदेश देते हैं और क्या उनके इस दौरे से दोनों एनसीपी गुटों के बीच जमी राजनीतिक बर्फ पिघलने की कोई शुरुआत होती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं