विज्ञापन
This Article is From Oct 07, 2022

'जेपी के गांव में लंबित काम जल्द पूरा कराएं...' नीतीश कुमार ने UP CM योगी आदित्यनाथ को लिखी चिट्ठी

मुख्यमंत्री ने पत्र में यह भी लिखा है कि सिताब दियारा रिंग बांध (बिहार प्रभाग) के अपस्ट्रीम ( लंबाई लगभग 1175 मी0) एवं डाउनस्ट्रीम (लंबाई लगभग 2300 मी0) को बीएसटी मुख्य बांध (बलिया उत्तर प्रदेश) से जोड़ने हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कार्रवाई प्रारंभ की गई थी परन्तु वर्तमान में कार्य अपूर्ण है जिसे शीघ्र पूर्ण किया जाना आवश्यक है.

'जेपी के गांव में लंबित काम जल्द पूरा कराएं...' नीतीश कुमार ने UP CM योगी आदित्यनाथ को लिखी चिट्ठी
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है.
पटना:

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की जन्मभूमि सिताब दियारा के उत्तर प्रदेश क्षेत्र के लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण किये जाने का अनुरोध किया है. नीतीश कुमार ने आज ही (07 अक्टूबर को) वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिए लोकनायक जयप्रकाश स्मृति भवन-सह-पुस्तकालय, सिताब दियारा से मुख्य पथ तक नवनिर्मित पथ का लोकार्पण किया और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिताब दियारा को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिताब दियारा के रुप में उत्क्रमित करने की घोषणा की.

नीतीश कुमार ने पत्र में लिखा है कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की जन्मभूमि सिताब दियारा ग्राम, जो बिहार एवं उत्तर प्रदेश की सीमा के पास गंगा एवं घाघरा नदी के संगम पर बिहार के सारण जिला में अवस्थित है, में वर्षा ऋतु के दिनों में गांव की भूमि के कटाव का खतरा बना रहता था तथा विगत वर्षों में कई बार वहां कटाव की स्थिति भी उत्पन्न हुई थी. इसलिए ग्राम सिताब दियारा की बाढ़ से सुरक्षा हेतु घाघरा नदी की ओर से एक रिंग बांध (लगभग 7.5 KM की लंबाई में) बनाये जाने की आवश्यकता महसूस की गई है.

नीतीश कुमार ने लिखा है कि वर्ष 2017-18 में बिहार भू-भाग में लगभग 04 KM एवं उत्तर प्रदेश के भू-भाग में लगभग 3.5 KM की लंबाई में रिंग बांध तथा अन्य कटाव निरोधक कार्य प्रारंभ किया गया और  वर्ष 2017-18 में बिहार सरकार द्वारा रिंग बांध एवं अन्य बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यो को पूर्ण कर लिया गया परन्तु उत्तर प्रदेश क्षेत्र में कार्य लंबित है. इसलिए उसे जल्द पूरा कराया जाय. 

नेपाल में भारी बारिश के चलते बिहार की कई नदियों का जलस्तर बढ़ा, जलसंसाधन मंत्री बोले- टीमें अलर्ट पर

जेडीयू नेता ने अपने पूर्व सहयोगी दल के नेता को लिखा है कि हाजीपुर-गाजीपुर राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 31 से सिताब दियारा तक जाने वाली बीएसटी मुख्य बांध की लंबाई लगभग 6.50 KM है, जिसमें लगभग 2-3 KM की लंबाई में पथ के सुदृढ़ीकरण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य के क्षेत्र में अपूर्ण है जिसके कारण इस क्षेत्र में आवागमन में भी समस्या उत्पन्न होती है.

मुख्यमंत्री ने पत्र में यह भी लिखा है कि सिताब दियारा रिंग बांध (बिहार प्रभाग) के अपस्ट्रीम ( लंबाई लगभग 1175 मी0) एवं डाउनस्ट्रीम (लंबाई लगभग 2300 मी0) को बीएसटी मुख्य बांध (बलिया उत्तर प्रदेश) से जोड़ने हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कार्रवाई प्रारंभ की गई थी परन्तु वर्तमान में कार्य अपूर्ण है जिसे शीघ्र पूर्ण किया जाना आवश्यक है. इसके अपूर्ण रहने से वहां कटाव एवं बाढ़ का खतरा बना रहता है.

बिहार: जेडीयू-आरजेडी में तनाव के बीच CPIML ने की कोर्डिनेशन कमेटी बनाने की मांग

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया है कि लोकनायक जयप्रकाश नारायाण जी की जन्मभूमि सिताब दियारा क्षेत्र के उपरोक्त कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराये जाने हेतु सभी संबंधितों को निदेशित करने की कृपा करें ताकि वहां बाढ़ एवं कटाव के खतरे से गांव को बचाया जा सके.

जेपी के नाम से मशहूर लोकनायक जय प्रकाश नारायण स्वतंत्रता सेनानी और प्रखर समाजवादी नेता थे. उन्होंने प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सरकार के खिलाफ संपूर्ण क्रांति का आगाज किया था, जिसके बाद 1977 में देश में पहली गैर कांग्रेसी सरकार बनी थी. उन्हें 1998 में मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया था. जेपी का कार्यक्षेत्र बिहार था. उनका जन्म सिताब दियारा में 11 अक्टूबर 1902 को हुआ था. नीतीश कुमार जेपी के छात्र आंदोलन से निकले नेता हैं.

वीडियो: हॉट टॉपिक : आरजेडी के नए बॉस तेजस्वी, नीतीश के खिलाफ बयानबाजी पर सख्त

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar CM Nitish Kumar, Nitish Kumar Letter To Yogi Adityanath, Jaiprakash Narayan, JP Movement, Sitab Diara
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com