विज्ञापन

ब‍िहार: ट्रक की टक्कर से बस पलटी, दो दर्जन से अधिक यात्री घायल; 8 की हालत गंभीर

बस पटना से उदाक‍िशुनगंज जा रही थी, और इसमें 40 से अध‍िक यात्री सवार थे. हादसे में कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है. 

ब‍िहार: ट्रक की टक्कर से बस पलटी, दो दर्जन से अधिक यात्री घायल; 8 की हालत गंभीर
बिहार के सुपौल में बस पलटने से दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए.

सुपौल जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया. पटना से उदाकिशुनगंज जा रही यात्रियों से भरी बस और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर एनएच-27 किनारे हरियाही के पास पलट गई. इस हादसे में बस में सवार दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. 

40 से अधिक यात्री बस में सवार थे 

घटना निर्मली थाना क्षेत्र के हरियाही स्थित हर्ष पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार तड़के करीब 4 बजे हुई. प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के अनुसार, बस में करीब 40 से अधिक यात्री सवार थे. सभी यात्रियों को किसी न किसी रूप में चोटें आई है. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. 

14 घायलों का चल रहा इलाज 

घायलों को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली (SDH निर्मली) पहुंचाया गया, जहां 14 घायलों को भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया.  अस्पताल प्रबंधक मुकेश कुमार की देखरेख में डॉक्टरों की टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार दिया. ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. आलोक राज ने बताया कि घायलों की स्थिति को देखते हुए 8 लोगों को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. 

ट्रक ने पीछे से बस में मारी टक्कर 

घटना के संबंध में घायलों ने बताया कि बस आगे बढ़ रही थी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान बस में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बस का संतुलन बिगड़ गया, और वह सड़क किनारे पलट गई. हादसे में बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. ट्रक चालक भी वाहन में फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया.

हादसे में घायलों का चल रहा इलाज  

इस हादसे में घायल हुए लोगों में मधेपुरा जिले के सोनबरसा निवासी 44 वर्षीय अनिल राम, 21 वर्षीय सुजीत कुमार, 49 वर्षीय सुतीक्ष्ण कुमार, आलमनगर निवासी 65 वर्षीय एमडी उस्ताद, उदाकिशुनगंज निवासी 18 वर्षीय साहिल कुमार, 48 वर्षीय रंजीत कुमार, 40 वर्षीय नूतन देवी, मवालीधन निवासी 25 वर्षीय अंकित कुमार, पटना के दानापुर निवासी 30 वर्षीय करण कुमार, 48 वर्षीय सुभद्रा देवी, जमुई निवासी ट्रक चालक 40 वर्षीय जितेंद्र कुमार, सुपौल के बसंतपुर निवासी 35 वर्षीय एमडी शहंशाह, मधेपुरा के ग्वालपाड़ा निवासी 26 वर्षीय पांडव कुमार तथा शंकरपुर निवासी 22 वर्षीय अनिल मंडल शामिल हैं. 

गंभीर घायलों को किया रेफर 

डॉ. आलोक राज के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद ट्रक चालक जितेंद्र कुमार, एमडी शहंशाह, पांडव कुमार, अनिल मंडल, सुतीक्ष्ण कुमार, साहिल कुमार, सुजीत कुमार और एमडी मुस्ताद की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.  इधर, निर्मली थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात बहाल करने का काम किया गया. साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. 

यह भी पढ़ें: मेहंदी फंक्शन में पहुंची दू्ल्हे की गर्लफ्रेंड ने दुल्हन के चेहरे पर फेंका तेजाब, दो दिन बाद होनी थी शादी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com