विज्ञापन

बिहार: पुलिस का टैग लगी कार...महिला की सरेआम गुंडागर्दी, मामूली टक्कर के बाद ड्राइवर को बेरहमी से पीटा

बिहार के बेगूसराय में पुलिस का स्टीकर लगी कार से उतरी एक महिला ने सड़क हादसे के बाद बुजुर्ग ड्राइवर के साथ सरेआम मारपीट की. पुलिस की मौजूदगी में हुई इस गुंडागर्दी के वीडियो ने लोगों को गुस्से में डाल दिया है.

बेगूसराय में महिला के एक ड्राइवर को बुरी-तरह पीटा है.

Bihar News: बिहार के बेगूसराय में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक शर्मनाक वीडियो सामने आया है. एनएच-31 पर बछवारा थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास एक महिला की दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है. अपनी कार पर पुलिस का स्टीकर लगाकर घूमने वाली यह महिला मामूली सड़क दुर्घटना के बाद आपा खो बैठी और उसने एक बुजुर्ग पिकअप चालक के साथ सरेआम बदसलूकी की.

जानें क्या है पूरा मामला 

घटना 21 मई की दोपहर की है. टोल प्लाजा के पास अचानक पिकअप रुकने से पीछे से आ रही एक कार उससे टकरा गई. कार पर पुलिस का स्टीकर लगा था. टक्कर मामूली थी, लेकिन कार से उतरी महिला का व्यवहार बेहद आक्रामक था. उसने न केवल बुजुर्ग चालक को भद्दी गालियां दीं, बल्कि उसका कॉलर पकड़कर सड़क पर उसे इधर-उधर घसीटा और बेरहमी से पिटाई भी की.

पुलिस की मौजूदगी में तमाशा

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जब यह सब हो रहा था, तब पास ही बछवारा थाना की गश्ती गाड़ी भी मौजूद थी. पुलिस की मौजूदगी में महिला का तांडव करीब एक घंटे तक जारी रहा, जिससे एनएच-31 पर लंबा जाम लग गया और लोग तमाशा देखते रहे. आरोप है कि पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई करने के बजाय दोनों पक्षों को मौके से जाने दिया.

कानून हाथ में लेने का अधिकार किसे?

कार चकिया थाना क्षेत्र के सिमरिया निवासी अशोक राय के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है, जो कि एक डॉक्टर की पत्नी है. स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर महिला को कानून हाथ में लेने की हिम्मत कैसे हुई? क्या पुलिस का स्टीकर लगा होने से कोई सड़क पर किसी के साथ मारपीट करने का लाइसेंस पा लेता है?

सोशल मीडिया पर लोग इस 'लेडी डॉन' की हरकत पर भड़क रहे हैं और पुलिस की चुप्पी पर सवाल उठा रहे हैं. लोग पूछ रहे हैं कि यदि आम आदमी ऐसा करता तो अब तक उसे जेल में होना चाहिए था, लेकिन पुलिस ने इस महिला पर कोई एक्शन क्यों नहीं लिया?

यह भी पढ़ें- ACB Action: ₹20,000 लेते दो प्रोफेसर गिरफ्तार, कम अटेंडेस सेटल करने के लिए छात्र से मांगी थी रिश्वत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Begusarai News, Viral Video, Police Sticker Car, Road Rage
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com