विज्ञापन
This Article is From Sep 09, 2017

हॉरर किलिंग : लव मैरिज से नाराज परिजनों ने पूरे परिवार को मारी गोली, पति-पत्नी की मौत

पुलिस के अनुसार, मुबारकपुर गांव निवासी कमला चौधरी के घर पर छह से सात की संख्या में अपराधियों ने धावा बोल दिया.

हॉरर किलिंग : लव मैरिज से नाराज परिजनों ने पूरे परिवार को मारी गोली, पति-पत्नी की मौत
हॉरर किलिंग : लव मैरिज से नाराज परिजनों ने पूरे परिवार को मारी गोली, पति-पत्नी की मौत.. प्रतीकात्मक फोटो
  • एक परिवार ने दूसरे परिवार के चार लोगों को गोली मार दी
  • कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में हुई यह घटना
  • पति-पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई
कैमूर (बिहार): बिहार में कथित तौर पर हॉरर किलिंग का मामला सामने आया है. कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात कथित रूप से प्रेम विवाह से नाराज एक परिवार ने दूसरे परिवार के चार लोगों को गोली मार दी. इस घटना में पति-पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक की दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं.

पढ़ें- ऑनर किलिंग : बहन और दोस्त को एक कमरे में बातचीत करते पाया तो ले ली जान

पुलिस के अनुसार, मुबारकपुर गांव निवासी कमला चौधरी के घर पर छह से सात की संख्या में अपराधियों ने धावा बोल दिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. इस घटना में कमला चौधरी और उनकी पत्नी शांति देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि उनकी दो बेटियां सुष्मिता और किरण गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं.

किरण का कुछ ही महीने पहले विवाह हुआ था. घायलों को इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया है. मोहनिया के थाना प्रभारी मनोज कुमार ने शनिवार को बताया कि प्रथम दृष्टया इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है. उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक कमला चौधरी के बेटे का पास के इलाके में रहने वाले अरविंद सिंह की बेटी के साथ प्रेम प्रसंग था. तीन माह पूर्व लड़का अपनी प्रेमिका को लेकर फरार हो गया और कोर्ट में जाकर शादी कर ली.

VIDEO : दिल्ली में झूठी शान के लिए हत्या की कोशिश

मृतक के परिजनों का आरोप है कि इस घटना से नाराज अरविंद सिंह और उसके परिजनों ने इस घटना को अंजाम दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. दोनों शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेज दिया गया है
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Love Marriage, Bihar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com