- भरत तिवारी की मां ने पहली बार यह बताया कि भरत तिवारी के एनकाउंटर के लिए कौन-कौन जिम्मेदार हैं.
- भरत की मां आशा देवी ने कहा मेरे बेटे के एनकाउंटर में SDM, SP, DSP के अलावा पुलिस के 6-7 लोग जिम्मेदार है.
- भरत की मां ने आगे कहा कि उसने हथियार फेंक दिया, उसके बाद भी पुलिस ने एनकाउंटर कर उसे मार दिया.
बिहार के चर्चित भरत तिवारी केस में सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया है. सुप्रीम कोर्ट के एक वकील विशाल तिवारी ने इस मामले में जनहित याचिका दाखिल की थी, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता को रजिस्ट्रार के सामने मेंशन करने को कहा है. भरत तिवारी एनकाउंटर केस में सुप्रीम कोर्ट की तत्काल सुनवाई से इनकार किए जाने के बीच सोमवार NDTV की टीम उसके गांव पहुंची. NDTV टीम ने भरत तिवारी की मां आशा देवी से बात की. वहां के अन्य लोगों से बातचीत की. इस बातचीत के दौरान भरत तिवारी की मां ने पहली बार यह बताया कि भरत तिवारी के एनकाउंटर के लिए कौन-कौन जिम्मेदार हैं.
भरत तिवारी की मां ने एनकाउंटर के लिए इन लोगों को ठहराया जिम्मेदार
भरत तिवारी की मां आशा देवी ने कहा मेरे बेटे के एनकाउंटर में SDM, SP, DSP के अलावा पुलिस के 6-7 लोग जिम्मेदार है. जिसमें थाना के दारोगा, इंस्पेक्टर और सैफ के जवान का भी उन्होंने जिक्र किया. भरत तिवारी की मां आशा देवी ने कहा कि मेरे बेटे को मारने और मरवाने वालों को फांसी होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि धोखा देकर मेरे बेटे को मारा गया.
भरत की मां बोली- मेरा बेटा लोगों के लिए आवाज उठा रहा था
भरत की मां ने NDTV से बात करते हुए बताया हैं कि पुलिस ने उनके बेटे की हत्या की है. मेरा बेटा समाज के लोगों के लिए आवाज उठा रहा था, उसने जवानिया गांव में हो रहे कटाव को लेकर आवाज उठाया और वह गरीबों के लिए आवाज उठा रहा था लेकिन पुलिस ने उसका एनकाउंटर कर दिया.

हमें बिहार पुलिस और सरकार से कोई उम्मीद नहींः भरत की मां
भरत की मां ने आगे कहा कि उसने हथियार फेंक दिया, उसके बाद भी पुलिस ने एनकाउंटर कर उसे मार दिया. पुलिस ने भरत को 4 गोली मारी. भरत की मां ने कहा कि हमें बिहार पुलिस और बिहार सरकार से कोई उम्मीद नहीं है. आशा देवी ने कहा कि हमें बस कोर्ट और भारत सरकार से उम्मीद है.
भरत की मां ने पीएम मोदी से की यह अपील
पीएम मोदी से कुछ कहना है... इस पर आशा देवी ने कहा कि हां, पीएम मोदी से कहना है. इस हत्या में शामिल पुलिसकर्मी और अधिकारियों को फांसी की सजा देने मिले, मैं इसी की मांग करती हूं. साथ ही उन्होंने फिर दोहराया कि बिहार पुलिस और बिहार के मुख्यमंत्री पर उन्हें भरोसा नहीं है.
पिता काशीनाथ तिवारी बोले- मेरे बेटे का मोबाइल पुलिस ने अभी तक कर रखा है जब्त
भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी ने एनडीटीवी से कहा कि मेरे बेटे की पुलिस ने हत्या की है. वह मरते वक्त तक भी हंस रहा था और वह लोगों के लिए काम करता था. उसके मोबाइल को पुलिस ने जब्त कर रखा है. हम देश के प्रधानमंत्री से मांग करते हैं कि इस मामले की सही से जांच हो और हमें न्याय मिले. उसने अपना पिंडदान तक कर दिया था.
चश्मदीदों ने बताया- भरत ने हथियार फेंक दिया था, फिर भी मारी गोली
जवानिया में जहां पर भरत तिवारी को गोली मारी गई वहां मौजूद चश्मदीद लोगों ने एनडीटीवी को बताया है कि उसकी मांगों पर पुलिस ने कहा कि सभी मांगें पूरी कर ली जाएगी. जिसके बाद भरत ने अपना हथियार फेंक दिया था. लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने भरत को गोली मार दी. अब इस मामले में सरकार ने एसआईटी जांच के आदेश दिए हैं. अभी तक इस मामले में 5 पुलिस वालों को सस्पेंड किया गया हैं.
यह भी पढ़ें - प्रशासन को चुनौती, मुठभेड़ में मौत और अब बवाल... भरत तिवारी एनकाउंटर केस की पूरी टाइमलाइन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं