बिहार में हाल ही में भोजपुर जिले में भरत तिवारी के कथित पुलिस एनकाउंटर पर सियासत गरम होने लगी है. जहां एक ओर पुलिस की कार्रवाई पर सत्ताधारी दल बीजेपी चुप है. वहीं विपक्ष लगातार एनडीए सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है. इसके साथ ही भरत तिवारी के एनकाउंटर की सत्यता और पुलिस के दावों पर अब न केवल विपक्ष सरकार से सवाल कर रहा है, बल्कि एनडीए के भीतर भी गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं. पुलिस की कार्रवाई पर जेडीयू सांसद ने कड़ी आलोचना की है. जिसके बाद इस मामले ने बड़ा राजनीतिक मोड़ ले लिया है.
भरत तिवारी के एनकाउंटर पर बाहुबली और पूर्व सांसद आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद ने कड़ी आलोचना की है. शिवहर से जेडीयू सांसद लवली आनंद ने भरत तिवारी के एनकाउंटर को गलत बताया और कहा कि यह बहुत ही गलत हुआ है.
जांच की मांग कर रही जेडीयू सांसद
लवली आनंद ने मांग की है कि इसकी जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी हो उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाए. जांच होगी तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. जो भी घटना हुई है वह बहुत ही दुखद है. इसे जिन लोगों ने किया उसकी जांच हो और निश्चित रूप से कार्रवाई होनी चाहिए.
सरेंडर के बाद एनकाउंटर पर सवाल
महिला जेडीयू सांसद ने कहा कि जब भरत तिवारी ने सरेंडर कर दिया था तो उसका एनकाउंटर क्यों किया गया. अगर उसने सरेंडर कर दिया तो उसे गिरफ्तार कर जेल भेज देना चाहिए था. लेकिन उसका एनकाउंटर कर दिया गया, जो गलत और बेहद दुखद है. पुलिस की इस फर्जी एनकाउंटर की हम कड़ी निंदा करते हैं. इसकी जांच जल्द होनी चाहिए और दोषियों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए.
बता दें, भरत तिवारी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. जिसमें भरत के सरेंडर करने का वीडियो भी वायरल हुआ है. जिसमें उसने हथियार पुलिस के सामने फेंक दिए. लेकिन इसके बाद उसका एनकाउंटर कैसे हुआ और क्यों हुआ. यह सवाल किए जा रहे हैं. मामले में कुछ पुलिसकर्मियों को सस्पेंड भी किया गया है.
बहरहाल जेडीयू की ओर से इस घटना की आलोचना करने के बाद अब बिहार में सियासत और तेज हो गई है. वहीं विपक्ष अब इस मामले में सरकार पर ज्यादा हमलावर हो सकती है.
यह भी पढ़ेंः मजबूत लोकतंत्र के लिए कितनी जरूरी है कमजोर नौकरशाही
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं