- बेतिया में बेटी के छठियार कार्यक्रम के दौरान आर्केस्ट्रा प्रोग्राम में तेज रफ्तार बस घुस गई.
- बस और ट्रक के टकराव से अनियंत्रित होकर बस सड़क किनारे कार्यक्रम में घुस गई, जिससे पांच लोगों की मौत हुई.
- मृतकों में देवेंद्र दुबे भी शामिल हैं, जिनके बच्चे का छठियार कार्यक्रम उसी स्थान पर चल रहा था.
Bettiah Road Accident: बेटी के जन्म की खुशी में पिता ने छठियार (छठे दिन) के दिन आर्केष्ट्रा का प्रोग्राम दिया था. भोज-भात के बाद शुरू हुए आर्केस्ट्रा प्रोग्राम में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी थी. लेकिन किसे पता था कि यह मौज-मस्ती कुछ ही देर में चीख-पुकार में बदल जाएगी. मामला बिहार के बेतिया से सामने आया है. जहां बीती रात आर्केस्ट्रा प्रोग्राम में जुटी भीड़ में अचानक एक तेज रफ्तार बस घुस आई. इस हादसे में बस ने कई लोगों को रौंद दिया, हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए.
बेतिया के लौरिया थाना क्षेत्र का मामला
मामला बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र की है. जहां बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के समीप देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार बस और ट्रक के बीच टक्कर से बचने की कोशिश में बस सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी. हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधे दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं.
हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि मृतकों में देवेंद्र दुबे का भी नाम शामिल है, जिनकी बेटी के छठियार का कार्यक्रम चल रहा था. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया.

बनकटवा निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर था कार्यक्रम
बताया जा रहा है कि लौरिया थाना क्षेत्र के बनकटवा निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर पर बच्चे के छठियार का कार्यक्रम था. इसी मौके पर सड़क किनारे आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. इसी दौरान गोरखपुर की तरफ से एक यात्री बस बगहा-लौरिया मुख्य मार्ग होते हुए बेतिया की ओर आ रही थी.
ट्रक के आने से अनियंत्रित होकर भीड़ में घुसी बस
सामने से एक तेज रफ्तार ट्रक भी बेतिया की तरफ से गुजर रहा था. पराउ टोला बनकटवा के समीप दोनों वाहन एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गए. इसी दौरान बस सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी. बस की चपेट में आने से पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आधे दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए.

मृतकों की पहचान, बच्ची के पिता देवेंद्र दुबे की भी मौत
सभी मृतकों की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई हैं. सबसे दर्दनाक बात यह रही की मृतकों में देवेंद्र दुबे का भी नाम शामिल है जिनके बच्चे का छठियार का कार्यक्रम चल रहा था.
घायलों का जीएमसीएच में चल रहा इलाज
हादसे की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायलों को बेतिया जीएमसीएच भेजा, जहां सभी का इलाज चल रहा है. घायलों में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो, और नरेश राम समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं.
प्रत्यक्षदर्शी ने कहा- अचानक तेज रफ्तार बस भीड़ में घुस आई
प्रत्यक्षदर्शी मृतक बहादुर महतो के भाई और प्रत्यक्षदर्शी जयप्रकाश महतो ने बताया कि शत्रुघ्न दुबे के घर पर छठियार का कार्यक्रम था. इसी दौरान आर्केस्ट्रा चल रहा था. अचानक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर कार्यक्रम में घुस गई, जिससे मौके पर ही कई लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए.

हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने वाहनों में की तोड़-फोड़
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया और लोगों ने बस तथा ट्रक में तोड़फोड़ शुरू कर दी. स्थिति को देखते हुए नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया है.
यह भी पढ़ें - बिहार: बेतिया के GMCH में स्ट्रेचर नहीं मिला तो 11 साल की बच्ची को गोद में लेकर भटकती रही मां
(बेतिया से जितेंद्र की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं