विज्ञापन

खनन माफिया ने वकील को दी 'तालिबानी सजा', पहले दोनों पैरों में गोली मारी, फिर पीट-पीट कर ले ली जान

बेगूसराय के मोहनपुर में अवैध बालू खनन माफियाओं ने हैवानियत की हद पार कर दी. पुलिस को सूचना देने के शक में मोहम्मद वकील की हत्या कर दी गई. बीच-बचाव करने पहुंचे बिहार पुलिस के जवान और परिजनों पर भी जानलेवा हमला हुआ. इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है. जानें क्या है पूरा मामला...

खनन माफिया ने वकील को दी 'तालिबानी सजा', पहले दोनों पैरों में गोली मारी, फिर पीट-पीट कर ले ली जान
बेगूसराय: पुलिस मुखबिरी के शक में युवक की हत्या, बचाने पहुंचे जवान को भी लहूलुहान किया
NDTV Reporter

Begusarai News: बिहार के बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर में अवैध बालू खनन माफियाओं ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी हैं. पुलिस मुखबिरी के मामूली शक में माफियाओं ने एक युवक मोहम्मद वकील उर्फ मखिया की न केवल बेरहमी से हत्या कर दी, बल्कि उसे बचाने आए बिहार पुलिस के एक जवान सहित 5 लोगों को भी लहूलुहान कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव है और एसपी मनीष खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं.

पहले पैर में मारी गोली, फिर दी 'तालिबानी सजा'

मृतक मोहम्मद वकील, किल्ली गांव के चौकीदार मोहम्मद जहांगीर का साला था. वह अपनी खीरा की दुकान पर जा रहा था, तभी खनन माफियाओं ने उसे अगवा कर लिया. माफियाओं को शक था कि वकील पुलिस को अवैध बालू खनन की जानकारी देता है. हमलावरों ने पहले उसके दोनों पैरों में गोली मारी ताकि वह भाग न सके और फिर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली.

पुलिस जवान और जिला पार्षद पर भी हमला

हत्या की खबर मिलते ही जब वकील के परिजन और सिवान में कार्यरत बिहार पुलिस के जवान मोहम्मद मनौव्वर मौके पर पहुंचे, तो माफियाओं ने उन पर भी हमला कर दिया. बदमाशों ने परिजनों को 'आतंकवादी' कहकर संबोधित किया और घर जलाने की धमकी देते हुए अंधाधुंध फायरिंग की. इस हमले में जवान समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.

'रात में जला देंगे पूरा घर'

परिजनों का आरोप है कि ये अपराधी बालू, ड्रग्स और शराब के अवैध धंधे में शामिल हैं. घायल मोहम्मद शमशेर ने बताया कि 2 महीने पहले एक हत्या की साजिश को नाकाम करने की वजह से वकील को पहले ही जान से मारने की धमकी दी गई थी. आज बदमाशों ने सरेआम वारदात को अंजाम दिया और जाते-जाते पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दे डाली.

एसपी ने संभाली कमान, छापेमारी जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष खुद एफएसएल (FSL) टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया है. फिलहाल मोहनपुर और किल्ली गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com