औरंगाबाद जिले में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसे में 3 पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. पर्यटक बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में यह हादसा हुआ. सभी मृतक आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे, जो बोधगया से काशी दर्शन के लिए निकले थे. तभी हादसा हो गया.
रात डेढ़ बजे हुआ हादसा
हादसा एनएच-19 पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देव मोड़ और भेड़िया गांव के बीच भवानी होटल के समीप देर रात करीब 1:30 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश के पर्यटकों से भरी बस बोधगया से वाराणसी जा रही थी. इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
तीन की मौके पर मौत, कई घायल
हादसे में बस में सवार 3 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई. 12 से अधिक यात्री घायल हैं, जिनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर घायलों को एएनएमसीएच गया रेफर किया गया है. मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया चल रही है.
गया से काशी जा रहा था जत्था
पुलिस के अनुसार, आंध्र प्रदेश के करीब 45 पर्यटकों का जत्था बोधगया दर्शन के बाद काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए निकला था. बस में सवार अन्य यात्रियों का कहना है कि ट्रक चालक को झपकी आने से हादसा हुआ. हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
पुलिस और प्रशासन मौके पर
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस और एसडीओ मौके पर पहुंचे. क्रेन की मदद से बस और ट्रक को सड़क से हटाया गया. ट्रक चालक फरार है. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है. डीएम और एसपी ने सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए.
24 घंटे में 8 की मौत से दहशत
औरंगाबाद जिले में पिछले 24 घंटे में सड़क हादसों में 8 लोगों की मौत हो चुकी है. रविवार शाम दाउदनगर में 2 और देर रात एनएच-19 पर 3 मौतें हुईं. इससे पहले गोह में एनएच-120 पर 3 लोगों की जान गई थी.लगातार हो रहे हादसों से एनएच पर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
यह भी पढ़ें: DSP आवास के पास नहर में गिरी सफारी, चार की मौत; विधायक से मिलकर जा रहे थे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं