Volkswagen ने अपनी प्रीमियम एसयूवी टायरोन का एक नया और ज्यादा किफायती वेरिएंट Volkswagen Tayron Life लॉन्च कर दिया है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹41.99 लाख तय की गई है, जो कि इसके टॉप-एंड R-Line वेरिएंट से पूरे ₹5 लाख कम है. खास बात यह है कि कीमत कम होने के बावजूद कंपनी ने इसके दमदार इंजन और प्रीमियम फीचर्स में कोई बड़ी कटौती नहीं की है.
नया लुक और सोबर डिजाइन
Volkswagen Tayron Life में से ब्लैक-आउट कॉस्मेटिक पैकेज को हटा दिया है, जिससे यह ज्यादा सोबर नजर आती है. इसके फ्रंट ग्रिल, बंपर और व्हील-आर्च पर अब ग्लॉस ब्लैक फिनिश की जगह एक साफ-सुथरा और सिंपल लेआउट मिलता है. ग्रिल के नीचे एक सुंदर सिल्वर स्ट्रिप दी गई है, जो इसे एक प्रीमियम लुक देती है.
Tata Sierra EV दूसरी गाड़ियों को भी कर सकती है चार्जे! इन 5 फीचर्स ने उड़ाए सबके होश
साइज और साइड प्रोफाइल
साइज के मामले में यह SUV काफी बड़ी और स्पेशियस है. इसकी लंबाई 4,792 mm और इसका व्हीलबेस 2,789 mm है, जो केबिन के अंदर बेहतरीन स्पेस देता है. साइड प्रोफाइल की बात करें तो इसमें 19-इंच के बेहद खूबसूरत अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. कार का पिछला हिस्सा भी बेहद शानदार है, जहां कनेक्टेड LED टेल-लैंप्स, रूफ स्पॉइलर और लाइट बार के साथ जलने वाला फॉक्सवेगन का लोगो इसे रात के समय एक कमाल का रोड प्रेजेंस देता है.
फीचर्स से लोडेड प्रीमियम केबिन
R-Line बैज को छोड़कर इसका इंटीरियर लगभग उसी जैसा है. डैशबोर्ड के केंद्र में एक बहुत बड़ा 15-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है. इसके अलावा, ड्राइवर के लिए 10.25-इंच का पूरी तरह से डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है. सफर को आरामदायक बनाने के लिए इसमें थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड और पावर्ड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
इस नई Tayron Life में सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा गया है. पैसेंजर्स की सेफ्टी के लिए इसमें कुल 9 एयरबैग्स दिए गए हैं. इसके साथ ही, तंग जगहों पर आसानी से पार्क करने के लिए 360-डिग्री कैमरा और दुर्घटनाओं से बचने के लिए एडवांस्ड Level 2 ADAS (ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) टेक्नोलॉजी दी गई है.
इंजन, परफॉर्मेंस और मुकाबला
Tayron Life में R-Line वाला ही पावरफुल 2.0-लीटर का टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है. यह इंजन 204 hp की मैक्सिमम पावर और 320 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है. इसे 7-स्पीड डुअल-क्लच (DCT) ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है. ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) सिस्टम की मदद से इंजन की पूरी पावर चारों पहियों तक पहुंचती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं