Toyota ने भारत में अपनी पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार Urban Cruiser Ebella लॉन्च कर दी है. कंपनी ने इस इलेक्ट्रिक SUV की शुरुआती कीमत 23.60 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी है. यह कीमत इसके टॉप मॉडल E3 वेरिएंट की है. Toyota की यह नई EV भारतीय बाजार में मिड-साइज इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में उतारी गई है. कंपनी को उम्मीद है कि यह कार तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में मजबूत पहचान बनाएगी.
नई Urban Cruiser Ebella का मुकाबला Hyundai Creta Electric, MG ZS EV और Tata Curvv EV जैसी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक SUVs से होगा. Toyota ने इस कार को मॉडर्न डिजाइन, लंबी ड्राइविंग रेंज और प्रीमियम फीचर्स के साथ पेश किया है.

Maruti e-Vitara पर बेस्ड है नई Toyota EV
Toyota Urban Cruiser Ebella को Maruti Suzuki e-Vitara के प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है. हालांकि दोनों गाड़ियों में कई चीजें समान हैं, लेकिन Toyota ने इसमें अपना अलग डिजाइन और स्टाइल देने की कोशिश की है.
कार के फ्रंट डिजाइन में Toyota की इंटरनेशनल कारों जैसी झलक देखने को मिलती है. इसमें नया फ्रंट फेस, आकर्षक LED लाइट्स और मजबूत बोनट दिया गया है, जो इसे स्पोर्टी लुक देता है. SUV के साइड प्रोफाइल में शार्प लाइन्स और बड़े अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जो इसके एयरोडायनामिक डिजाइन को और बेहतर बनाते हैं.
साइज और रोड प्रेजेंस में दिखेगी दमदार
Toyota Urban Cruiser Ebella का व्हीलबेस 2700 mm रखा गया है, जिससे कार के अंदर ज्यादा स्पेस मिलता है. इसकी लंबाई लगभग 4,285 mm, चौड़ाई करीब 1,800 mm और ऊंचाई लगभग 1,640 mm है. इन डाइमेंशन्स की वजह से यह SUV रोड पर काफी बड़ी और आकर्षक नजर आती है.
कंपनी ने इस EV को कई शानदार रंगों में लॉन्च किया है. इसमें Cafe White, Bluish Black, Gaming Grey, Sportin Red और Enticing Silver जैसे कलर ऑप्शन मिलते हैं. इसके अलावा कुछ डुअल-टोन विकल्प भी दिए गए हैं, जिनमें ब्लैक रूफ के साथ अलग-अलग बॉडी कलर देखने को मिलते हैं. इससे कार का लुक और ज्यादा प्रीमियम हो जाता है.
भारत में लॉन्च हुई नई MG Majestor SUV, कीमत 40.99 लाख रुपये से शुरू
केबिन में मिलेगा प्रीमियम एक्सपीरिएंस
Toyota ने Urban Cruiser Ebella के इंटीरियर को काफी मॉडर्न और प्रीमियम बनाने की कोशिश की है. कार के अंदर ब्लैक और ब्राउन डुअल-टोन थीम दी गई है, जिससे केबिन शानदार महसूस होता है. इस इलेक्ट्रिक SUV में कई मॉडर्न फीचर्स दिए गए हैं. इसमें बड़ा 10.1 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जो स्मार्ट कनेक्टिविटी सपोर्ट करता है. इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस चार्जिंग, वेंटिलेटेड सीट्स और JBL साउंड सिस्टम जैसे प्रीमियम फीचर्स भी दिए गए हैं.
कार में एम्बिएंट लाइटिंग, एयर प्यूरीफायर, क्लाइमेट कंट्रोल और डायल-टाइप गियर शिफ्ट नॉब जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं. ये सभी फीचर्स मिलकर इस SUV को एक हाई-टेक और लक्जरी अनुभव देने की कोशिश करते हैं.

सेफ्टी फीचर्स में भी दमदार
Toyota ने अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV में सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा है. Urban Cruiser Ebella में 7 एयरबैग दिए गए हैं, जो यात्रियों की सुरक्षा को बेहतर बनाते हैं. इसके अलावा 360 डिग्री कैमरा भी मिलता है, जिससे पार्किंग और ड्राइविंग आसान हो जाती है. इस SUV में Level 2 ADAS तकनीक भी दी गई है. इसका मतलब है कि कार में कई एडवांस ड्राइवर असिस्ट फीचर्स मौजूद होंगे, जो सड़क पर ड्राइविंग को ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक बनाएंगे.
एक बार चार्ज में चलेगी 543 किलोमीटर
Toyota Urban Cruiser Ebella में 61 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है. कंपनी के मुताबिक इसका टॉप E3 वेरिएंट 171 hp की पावर और 193 Nm का पीक टॉर्क देता है. सबसे खास बात इसकी ड्राइविंग रेंज है. Toyota का दावा है कि Urban Cruiser Ebella एक बार फुल चार्ज होने पर 543 किलोमीटर तक चल सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं