विज्ञापन

दिल्ली में टेस्ला की बड़ी एंट्री, नॉर्थ इंडिया का पहला चार्जिंग स्टेशन शुरू, जानिए भारत में अब टोटल कितने

टेस्ला ने दिल्ली के एक मॉल में नॉर्थ इंडिया का पहला इन-मॉल ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू किया है. इसके साथ कंपनी ने नए मॉडल दिखाने के लिए पॉप-अप स्टोर भी खोला है, जहां टेस्ट ड्राइव की सुविधा भी मिलेगी.

दिल्ली में टेस्ला की बड़ी एंट्री, नॉर्थ इंडिया का पहला चार्जिंग स्टेशन शुरू, जानिए भारत में अब टोटल कितने
दिल्ली के नेक्सस सिलेक्ट सिटीवॉक मॉल में टेस्ला ने नॉर्थ इंडिया का पहला इन-मॉल चार्जिंग स्टेशन शुरू किया. यहां ग्राहक कार चार्ज करने के साथ नए मॉडल भी देख और टेस्ट ड्राइव कर सकते हैं.
Source: IANS

टेस्ला ने भारत में अपने चार्जिंग नेटवर्क को और मजबूत करते हुए दिल्ली में नॉर्थ इंडिया का पहला इन-मॉल ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू कर दिया है. कंपनी ने यह नई सुविधा नेक्सस सिलेक्ट सिटीवॉक मॉल में शुरू की है. यहां टेस्ला ओनर शॉपिंग या डाइनिंग के दौरान अपनी कार आसानी से चार्ज कर सकेंगे. कंपनी के मुताबिक, इस चार्जिंग स्टेशन पर 6 डेस्टिनेशन चार्जर लगाए गए हैं. हर चार्जर 11 किलोवॉट एसी क्षमता का है. यह सुविधा मॉल की पी1 पार्किंग में बनाई गई है. टेस्ला का दावा है कि इस चार्जिंग स्टेशन का अपटाइम 99.95% रहेगा, यानी यह लगभग हर समय इस्तेमाल के लिए उपलब्ध रहेगा.

अब भारत में टेस्ला के कितने चार्जिंग स्टेशन हैं?

दिल्ली में इस नए स्टेशन के शुरू होने के बाद भारत में टेस्ला के कुल 6 चार्जिंग लोकेशन हो गए हैं. इनमें 20 सुपरचार्जर और 20 डेस्टिनेशन चार्जर शामिल हैं. चार्जिंग स्टेशन के साथ ही कंपनी ने 6 जुलाई से 10 जुलाई तक मॉल में एक पॉप-अप स्टोर भी शुरू किया है. यहां आने वाले लोग नई मॉडल वाई एल और 2026 मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव को करीब से देख सकेंगे. कंपनी यहां गाइडेड वॉकअराउंड, प्रोडक्ट डेमो और टेस्ट ड्राइव की सुविधा भी दे रही है.

दोनों नए मॉडल में क्या मिलेगा

मॉडल वाई एल एक 6-सीटर ऑल-व्हील ड्राइव इलेक्ट्रिक एसयूवी है. इसमें तीन रो वाली सीटिंग दी गई है. कंपनी का दावा है कि यह एक बार फुल चार्ज होने पर 681 किलोमीटर तक चल सकती है. यह 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार सिर्फ 5 सेकंड में पकड़ लेती है. इसकी शुरुआती कीमत 61.99 लाख रुपये रखी गई है. वहीं 2026 मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव में 5 लोग बैठ सकते हैं. कंपनी के मुताबिक, इसकी ड्राइविंग रेंज 500 किलोमीटर तक है. यह 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार 5.9 सेकंड में हासिल कर लेती है. इसकी शुरुआती कीमत 50.89 लाख रुपये है.

सेफ्टी रेटिंग और बुकिंग की भी सुविधा

टेस्ला का कहना है कि दोनों मॉडल को दुनिया की कई बड़ी सेफ्टी एजेंसियों से टॉप सेफ्टी रेटिंग मिली है. इनमें यूएस नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस इंस्टिट्यूट फॉर हाईवे सेफ्टी, यूरो एनकैप, एनकैप और सी-आईएएसआई शामिल हैं. कंपनी ने बताया कि दोनों मॉडल की बुकिंग उसकी ऑफिशियल वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है. साथ ही भारत के सभी राज्यों में होम चार्जिंग सपोर्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है.

ये भी पढ़ें: ITR Filing 2026: क्या पेंशन पर भी लगता है Tax? जानिए सीनियर सिटीजंस को ओल्ड या न्यू टैक्स रिजीम में से किसमें होगा फायदा
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tesla India, Tesla Charging Station, Tesla Model Y, Ev Charging Infrastructure Delhi, Delhi EV Charging Station
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com