विज्ञापन

कल का मौसम 19 अगस्त: दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश, ओडिशा-झारखंड में रेड अलर्ट

कल का मौसम, 19 अगस्त 2026: IMD ने देश के 13 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. जानें अपने इलाके का हाल

कल का मौसम 19 अगस्त: दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश, ओडिशा-झारखंड में रेड अलर्ट
कल का मौसम: जानिए कहां होगी बारिश Weather Update 19 August
IANS

Kal Ka Mausam, 19 August 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है. मॉनसून के एक्टिव होने से उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में जहां जमकर बारिश हो रही है वहीं बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन की वजह से ओडिशा, बंगाल और झारखंड जैसे राज्यों में बारिश का लगातार अलर्ट जारी किया जा रहा है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 18 अगस्त के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश हो सकती है. इसमें दिल्ली, यूपी, पंजाब से लेकर बिहार और झारखंड तक शामिल है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.

दिल्ली-NCR में कल कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है. लगातार बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है. तापमान में बहुत अधिक बढ़ोतरी नहीं होने से दिन के समय भी मौसम सुहावना बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार कल और 20 अगस्त को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है. 21 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. यानी आने वाले दिनों में भी मौसम पूरी तरह शुष्क रहने के बजाय बादलों और बारिश की गतिविधियों से प्रभावित रह सकता है. दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बादलों की आवाजाही और बारिश का असर मौसम पर देखने को मिल रहा है.

यूपी के कई जिलों में बारिश

कल उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है. खासतौर पर कल दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश में बहुत ज्यादा भारी बारिश का अलर्ट है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.

बिहार का मौसम

बिहार में भी कल भारी बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 अगस्त को बिहार में व्यापक बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा 24 अगस्त तक तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने का भी अनुमान है.

ओडिशा में भारी बारिश अलर्ट, कई जगह बाढ़ जैसे हालात

बंगाल की खाड़ी में बने प्रेशर की वजह से ओडिशा में भारी बारिश हो रही है. कई जगहों पर बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है. इस बीच मौसम विभाग ने कल भी ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी ने सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और बरगढ़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. वहीं, संबलपुर, देवगढ़, क्योंझर, सोनपुर और बलांगीर जिलों के लिए भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट' जारी किया गया है. मौसम विभाग ने सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, क्योंझर, सोनपुर और बलांगीर जिलों में बिजली कड़कने तथा 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया है.

उत्तराखंड में देहरादून सहित चार जिलों में बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट'

उत्तराखंड में भी भारी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी और उधमसिंह नगर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के साथ ‘ऑरेंज अलर्ट' वहीं बाकी जिलों में ‘येलो अलर्ट' जारी किया है. बारिश से भूस्खलन के कारण प्रदेश में अनेक सड़कें अवरुद्ध हो गईं जिन्हें खोलने के प्रयास जारी हैं. अधिकारियों के अनुसार, उत्तरकाशी जिले में दुर्बिल एवं जंगलचट्टी के पास मलबा आने से यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया. इसके अलावा, भारी बारिश के दौरान चमोली जिले में स्थित कल्पेश्वर मंदिर परिसर में मलबा घुस गया. हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने कहा है कि राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में आगामी कुछ दिन बारिश की गतिविधियों में कमी रहेगी, हालांकि 20 अगस्त से कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के अधिकतर भागों में आगामी 2-3 दिन बारिश के गतिविधियों में कमी रहने की संभावना है. हालांकि पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अनुसार, 20 से 23 अगस्त के दौरान पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने व शेष भागों में कमजोर बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकतर भागों में आगामी 4-5 दिन कमजोर मानसून परिस्थितियां रहेंगी तथा ज्यादातर भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा. बीकानेर संभाग के उत्तरी भागों व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में 20 से 22 अगस्त के दौरान हल्की मध्यम बारिश हो सकती है.

हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. कल कांगड़ा और सिरमौर में भारी बारिश की संभावना है, जबकि 20 और 21 अगस्त को भी इन जिलों समेत अन्य हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने 21 अगस्त तक किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है. निचले और मध्यम पहाड़ी क्षेत्रों में आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं का खतरा रहेगा. अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तीन से चार दिनों में कई हिस्सों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.

इन राज्यों में भी भारी बारिश

बहुत भारी बारिश: उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश.
भारी बारिश: हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kal Ka Mausam, Kal Ka Mausam In Hindi, Kal Ka Mausam Kaisa Rahega, Kal Ka Mausam Kaisa Rhega, Weather Tomorrow
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com