क्या बच्चों को जिम भेजना सुरक्षित है? कई माता-पिता यह जानना चाहते हैं कि बच्चे किस उम्र में जिम शुरू कर सकते हैं और क्या प्री-प्यूबर्टी उम्र में वेट ट्रेनिंग करनी चाहिए. एक्सपर्ट्स के अनुसार बच्चे जिम जा सकते हैं, लेकिन उनकी ट्रेनिंग उम्र, क्षमता और सही निगरानी के हिसाब से होनी चाहिए. इस बारे में एनडीटीवी ने बात की डॉक्टर निधि झा से. वे दिल्ली बेस्ड सीनियर ऑब्सटेट्रिशियन, IVF स्पेशलिस्ट और गायनेकोलॉजिस्ट हैं.
बच्चों को एक्टिव रखना जरूरी है, लेकिन इसके लिए उन्हें कम उम्र से ही जिम में भेजना ठीक है या नहीं? प्यूबर्टी से पहले के बच्चों को लेकर माता-पिता के मन में यह सवाल अक्सर रहता है. खासकर जब बच्चे बड़े लोगों को जिम में वेट ट्रेनिंग करते देखते हैं, तो वे भी वैसा ही वर्कआउट करना चाहते हैं.
जानकारों की मानें तो प्री-टीन्स जिम जा सकते हैं, लेकिन उन्हें बड़ों की तरह हैवी वेट उठाने या बॉडीबिल्डिंग वाली ट्रेनिंग नहीं करनी चाहिए. उम्र और क्षमता के हिसाब से हल्की रेजिस्टेंस ट्रेनिंग, बॉडी-वेट एक्सरसाइज और सही तकनीक के साथ वर्कआउट कराया जा सकता है.
बच्चों के लिए स्पोर्ट्स जिम से बेहतर क्यों माना जाता है?
प्यूबर्टी से पहले बच्चे को एक्टिव रखने के लिए सिर्फ जिम और मशीनों वाले वर्कआउट पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है. बच्चे को ऐसा खेल या फिजिकल एक्टिविटी चुनने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है, जिसमें उसकी रुचि हो.
इससे वह नियमित रूप से एक्टिव भी रहेगा और एक्सरसाइज उसके लिए बोझ जैसी नहीं लगेगी. डॉ. निधि झा ने भी बच्चों के लिए स्पोर्ट्स एक्टिविटी को बढ़ावा देने पर जोर दिया है. उनका कहना है कि बच्चों को हेल्दी खाना देने के साथ उन्हें एक्टिव लाइफस्टाइल में रखना जरूरी है.

क्या बच्चों को वेट ट्रेनिंग करनी चाहिए?
ऐसा कहना सही नहीं होगा कि बच्चों के लिए हर तरह की वेट या रेजिस्टेंस ट्रेनिंग गलत है. असल बात है कि किस उम्र में, किस तरह और कितने वजन के साथ ट्रेनिंग कराई जा रही है. सही तकनीक और निगरानी के साथ बच्चों को रेजिस्टेंस ट्रेनिंग से फायदा हो सकता है. हालांकि मैक्सिमम वेट उठाना, पावर लिफ्टिंग या बिना निगरानी के ट्रेनिंग बच्चों के लिए सही नहीं मानी जाती.
बच्चों के लिए रोज कितनी फिजिकल एक्टिविटी जरूरी है?
बच्चे को जिम भेजना है या नहीं, इस सवाल से पहले यह देखना ज्यादा जरूरी है कि वह रोजाना पर्याप्त एक्टिव है या नहीं. खेलना, दौड़ना, साइकिल चलाना, तैरना या अपनी पसंद का कोई खेल भी उसकी फिजिकल एक्टिविटी का हिस्सा हो सकता है. 6 साल और उससे ज्यादा उम्र के बच्चों के लिए रोज कम से कम 60 मिनट की फिजिकल एक्टिविटी की सलाह दी जाती है.
FAQ
1. बच्चे किस उम्र में जिम जा सकते हैं?
एक्सपर्ट्स के अनुसार बच्चे निगरानी में हल्की एक्सरसाइज और रेजिस्टेंस ट्रेनिंग कर सकते हैं, लेकिन हैवी वेट ट्रेनिंग से बचना चाहिए.
2. क्या वेट ट्रेनिंग बच्चों की ग्रोथ रोक सकती है?
सही तकनीक और विशेषज्ञ निगरानी में कराई गई हल्की रेजिस्टेंस ट्रेनिंग आमतौर पर सुरक्षित मानी जाती है.
3. बच्चों के लिए जिम बेहतर है या स्पोर्ट्स?
बच्चों को एक्टिव रखने के लिए स्पोर्ट्स और आउटडोर एक्टिविटी को अधिक उपयुक्त माना जाता है.
4. बच्चों को रोज कितनी एक्सरसाइज करनी चाहिए?
6 साल या उससे अधिक उम्र के बच्चों के लिए रोज कम से कम 60 मिनट फिजिकल एक्टिविटी की सलाह दी जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं