विज्ञापन

Tesla की कार ने तोड़ी दीवार, महिला की मौत के बाद ऑटो-पायलट मोड पर उठे सवाल तो Elon Musk ने दिया जवाब

अमेरिका के टेक्सास में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक टेस्ला कार घर की दीवार तोड़कर अंदर घुस गई और एक महिला की मौत हो गई. ड्राइवर ने कार के ऑटोपायलट सिस्टम पर आरोप लगाया है, जबकि एलन मस्क (Elon Musk) ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है.

Tesla की कार ने तोड़ी दीवार, महिला की मौत के बाद ऑटो-पायलट मोड पर उठे सवाल तो Elon Musk ने दिया जवाब
Tesla के इस एक्सीडेंट ने उड़ाए सबके होश, एलन मस्क ने तोड़ी चुप्पी
Image Source- Harris County Sheriff's Office/Carscoops

अमेरिका के टेक्सास से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार Tesla Model 3 अनियंत्रित होकर एक घर के अंदर जा घुसी. इस टक्कर में घर के अंदर मौजूद एक 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. हादसे के बाद ड्राइवर ने दावा किया कि कार का ड्राइवर-असिस्टेंस (Autopilot/FSD) सिस्टम चालू था, जिसके बाद दुनिया भर में टेस्ला की सेफ्टी पर सवाल उठने लगे. हालांकि, अब इस पर खुद एलन मस्क और टेस्ला की टीम का बड़ा बयान सामने आया है.

आखिर हुआ क्या था?

लोकल अधिकारियों के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा तब हुआ जब 44 वर्षीय माइकल बटलर अपनी टेस्ला कार चला रहे थे. अचानक उनकी कार अपनी लेन से भटक गई, सड़क से नीचे उतरी और एक घर की बाहरी दीवार को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घर के अंदर मौजूद मार्था अवीला मंटिला नाम की बुजुर्ग महिला इसकी चपेट में आ गईं. उन्हें तुरंत एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. पीड़ित परिवार का कहना है कि घर का वह हिस्सा अक्सर बच्चों के खेलने के लिए इस्तेमाल होता था, लेकिन गनीमत रही कि उस समय वहां कोई बच्चा मौजूद नहीं था.

बिना ड्राइवर के चलेगी Elon Musk की टैक्सी! लीक हुए Tesla Cybercab के फीचर्स, एक चार्ज में देगी 673 KM की रेंज

ड्राइवर का आरोप: ऑटोपायलट था एक्टिव

हादसे के बाद पुलिस जांच में ड्राइवर माइकल बटलर ने अधिकारियों को बताया कि जब यह दुर्घटना हुई, उस समय कार का ड्राइवर-असिस्ट सिस्टम ऑन था. हालांकि, अभी तक यह पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है कि वह सिस्टम टेस्ला का साधारण 'ऑटोपायलट' था या फिर एडवांस 'फुल सेल्फ-ड्राइविंग' (FSD) मोड. पुलिस ने बताया कि ड्राइवर बटलर भी इस हादसे में घायल हुआ है. शुरुआती जांच में उसके नशे में होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं और वह जांच में पूरा सहयोग कर रहा है.

एलन मस्क ने दावों को किया खारिज

जब इस हादसे और ड्राइवर-असिस्ट सिस्टम की नाकामी की खबरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हुईं, तो इस पर खुद टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए लिखा, टेस्ला का फुल सेल्फ-ड्राइविंग (FSD) सिस्टम इस तरह से प्रोग्राम किया गया है कि वह रिहायशी इलाकों और गलियों में हमेशा बेहद धीमी रफ्तार से गाड़ी चलाता है, जबकि यह हादसा बहुत हाई-स्पीड में हुआ है.

हैदराबाद में आ गई Tesla! खुला बड़ा शोरूम, कार का चार्जर भी मिल रहा बिल्कुल Free

एलन मस्क के समर्थन में आते हुए टेस्ला के AI चीफ अशोक एलुस्वामी ने डेटा के साथ बताया कि इस मामले में ड्राइवर ने खुद मैन्युअल तरीके से सेल्फ-ड्राइविंग सिस्टम को ओवरराइड (बंद) कर दिया था. ड्राइवर ने रिहायशी इलाके में एक्सीलेटर पैडल को पूरी तरह से यानी 100 प्रतिशत दबा दिया था. हादसे के वक्त कार की रफ्तार 73 मील प्रति घंटा (करीब 117 किमी/घंटा) तक पहुंच गई थी, और हैरान करने वाली बात यह है कि टक्कर होने के बाद भी ड्राइवर ने पैर एक्सीलेटर से नहीं हटाया था.

फिलहाल पुलिस इस मामले की हर एंगल से गहराई से जांच कर रही है और ड्राइवर पर अभी तक कोई आधिकारिक चार्ज नहीं लगाया गया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tesla Crash, Tesla Car Accident, Tesla Car Burst, Elon Musk News, Elon Musk
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com