Aman Sengar Education: महज 25 साल की उम्र में अमन सेंगर का नाम दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में शामिल हो गया है. एक्स के मालिक एलन मस्क के स्पेसएक्स (SpaceX) के साथ उन्होंने एक डील की और अमन सेंगर रातों रात सुर्खियों में आ गए. इस डील के बाद अब अमन सेंगर 5.5 अरब डॉलर के मालिक बन चुके हैं. आपको जानकर ताज्जुब होगा कि इतनी बड़ी डील करने वाले अमन सेंगर ने एमआईटी की पढाई बीच में ही छोड़ दी थी. इसके बाद उन्होंने अपनी कंपनी बनाई, जिसकी वजह से आज वो इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं.
अमन सेंगर ने कहां से की है पढ़ाई?
अमन सेंगर का जन्म अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में हुआ था. उन्हें बचपन से ही कंप्यूटर और टेक्नोलॉजी में दिलचस्पी थी. कहा जाता है कि उन्होंने महज 14 साल की उम्र में कोडिंग सीखना शुरू कर दिया था. स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद अमन ने दुनिया के मशहूर तकनीकी संस्थान मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी एमआईटी में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई शुरू की. यहीं उनकी मुलाकात माइकल ट्रुएल, सुआलेह आसिफ और आर्विड लुनेमार्क से हुई. आगे चलकर यही तीनों उनके बिजनेस पार्टनर बने.
अधूरी छोड़ी पढ़ाई
एमआईटी (MIT) में पढ़ाई के दौरान ही चारों दोस्तों ने मिलकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की फील्ड में कुछ नया करने की ठानी. अमन पढ़ाई के साथ-साथ कंपनी के प्रोडक्ट और उसे लोगों तक पहुंचाने की स्ट्रेटजी पर भी काम करने लगे. लेकिन 2022 में उन्होंने एक बड़ा फैसला लिया. उन्होंने पढ़ाई बीच में छोड़कर पूरी तरह अपने स्टार्टअप पर ध्यान देना शुरू कर दिया. उस समय उनकी उम्र सिर्फ 21 साल थी.
25 में बन गए अरबपति
एमआईटी छोड़ने के बाद अमन और उनके साथियों ने एनीस्फेयर की शुरुआत की. शुरुआत में कंपनी मैकेनिकल इंजीनियरिंग से जुड़े कामों के लिए एआई टूल बना रही थी. लेकिन बाद में उसने अपना फोकस बदलकर कर्सर नाम का एआई कोडिंग प्लेटफॉर्म तैयार किया. इसकी तेजी से बढ़ती पॉपुलेरिटी ने एलन मस्क का ध्यान खींचा. जिसके बाद उन्होंने कंपनी खरीदने का फैसला किया और अमन सैंगर अरबपति बन गए.
यह भी पढ़ें- AI इंसानों की नौकरियां नहीं खाएगा बल्कि इसकी वजह से लेबर शॉर्टेज होगा- जेफ बेजोस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं