Tesla ने अब दक्षिण भारत के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी हब, हैदराबाद में अपना नया और भव्य Experience Centre खोल दिया है. यह भारत में टेस्ला का पांचवां एक्सपीरियंस सेंटर है. 17 जून 2026 को खुले इस नए आउटलेट पर कंपनी ने अपनी दो सबसे इलेक्ट्रिक एसयूवी - '2026 Model Y Premium Rear-Wheel Drive' और 'Model Y L' को शो किया है. आइए जानते हैं हैदराबाद के इस नए स्टोर और यहां मिलने वाली कारों के बारे में पूरी डिटेल.

हैदराबाद के हाईटेक सिटी में खुला नया स्टोर
टेस्ला का यह नया हाईटेक शोरूम हैदराबाद के माधापुर में स्थित हाईटेक सिटी के 'नॉलेज सिटी' में खोला गया है. यह इलाका शहर का सबसे प्रमुख IT और बिजनेस हब माना जाता है. इस स्टोर पर आने वाले ग्राहकों को एक बेहतरीन और अलग डिजिटल अनुभव मिलेगा. यहां मौजूद टेस्ला के एक्सपर्ट्स ग्राहकों को कार की अनूठी तकनीक, सुरक्षा प्रणालियों, दमदार परफॉर्मेंस और इसके मिनिमलिस्टिक डिजाइन के बारे में डिटेल में समझाएंगे.
शोरूम के साथ डिलीवरी और सर्विस सेंटर भी शुरू
Tesla ने सिर्फ कार दिखाने के लिए शोरूम ही नहीं खोला है, बल्कि ग्राहकों की सहूलियत के लिए डिलीवरी और आफ्टर-सेल्स (सर्विस) ऑपरेशन भी शुरू कर दिए हैं. कंपनी ने हैदराबाद के बोल्लाराम इंडस्ट्रियल एरिया (Bollaram Industrial Area) में अपना डिलीवरी और सर्विस हब बनाया है. इस कदम से तेलंगाना और आस-पास के राज्यों में रहने वाले टेस्ला ग्राहकों को कार की सर्विसिंग और स्पेयर पार्ट्स के लिए बिल्कुल भी परेशान नहीं होना पड़ेगा और उन्हें कैशलेस सपोर्ट मिलेगा.
2026 टेस्ला मॉडल Y प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव
इस नए एक्सपीरियंस सेंटर का सबसे बड़ा आकर्षण 2026 मॉडल Y का प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव वेरिएंट है. यह एक 5-सीटर इलेक्ट्रिक SUV है, जिसमें 2,138 लीटर का बूट स्पेस मिलता है. रफ्तार की बात करें तो यह कार मात्र 5.9 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की स्पीड पकड़ सकती है. कंपनी का दावा है कि सिंगल चार्ज में यह कार 500 किलोमीटर (WLTP रेंज) तक की दूरी आसानी से तय कर सकती है. भारत में इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹50.89 लाख तय की गई है और इसकी डिलीवरी जुलाई 2026 से शुरू होगी.

अगर आपका परिवार बड़ा है, तो शोरूम में 6 सीटों वाली 'Tesla Model Y L' भी डिस्प्ले पर रखी गई है. इसका कुल कार्गो स्पेस 2,539 लीटर का है. यह कार मात्र 5.0 सेकंड में 0 से 100 किमी की रफ्तार पकड़ लेती है. सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें एक बार फुल चार्ज करने पर 681 किलोमीटर की बेमिसाल ड्राइविंग रेंज मिलती है. भारत में इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹61.99 लाख रखी गई है.
30 जून से पहले बुक करने पर बंपर ऑफर
अगर आप भी इन दोनों में से कोई भी गाड़ी खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आपके लिए कंपनी की तरफ से एक बेहतरीन ऑफर दिया जा रहा है. इन दोनों कारों को टेस्ला इंडिया की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुक किया जा सकता है. जो ग्राहक 30 जून 2026 से पहले अपनी कार बुक करेंगे, उन्हें कंपनी की तरफ से घर पर चार्जिंग के लिए एक 'वॉल कनेक्टर होम चार्जर' बिल्कुल मुफ्त दिया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं