Ducati ने अपनी बिल्कुल नई और बेहद एडवांस मोटोक्रॉस डर्ट बाइक Ducati Desmo250 MX को दुनिया के सामने पेश कर दिया है. पिछले साल लॉन्च हुई दमदार 450 MX की सफलता के बाद, डुकाटी ने अब 250cc के सबसे कठिन और कॉम्पिटिटिव सेगमेंट में कदम रखा है. यह बाइक सिर्फ दिखने में ही मस्कुलर नहीं है, बल्कि इसके अंदर रेसिंग ट्रैक पर विरोधियों को पछाड़ने के लिए कमाल की पावर भरी गई है.
15,000 RPM तक रेव करने वाला दमदार इंजन
इस बाइक के दिल में छुपा है पूरी तरह से नया और बेहद हल्का (सिर्फ 24.7 किलोग्राम) सिंगल-सिलेंडर इंजन. यह इंजन 12,500 rpm पर 44.5 hp की जबरदस्त पावर और 28.3 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इस इंजन को डुकाटी की सबसे टॉप सुपरबाइक Panigale V4 R के एक्सपीरिएंस से तैयार किया गया है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका डेस्मोड्रोमिक वॉल्व सिस्टम है, जिसकी बदौलत यह इंजन 15,000 rpm तक की लिमिट तक जा सकता है, जो इस कैटेगरी में एक नया बेंचमार्क है.
सिर्फ 103 किलो वजन और बेहतरीन कंट्रोल
मोटोक्रॉस रेसिंग में बाइक का हल्का होना और मोड़ों पर तेजी से मुड़ना सबसे जरूरी होता है. बिना फ्यूल के इस बाइक का कुल वजन मात्र 103 किलोग्राम है. इसके चेसिस को एल्युमिनियम स्विंगआर्म के साथ खास तौर पर बैलेंस किया गया है, ताकि रेसर को ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर भी पूरा कॉन्फिडेंस मिले. बेहतर ग्रिप के लिए इसमें पिरेली (Pirelli Scorpion MX32) टायर्स और ब्रेकिंग के लिए ब्रेम्बो (Brembo) का वर्ल्ड-क्लास सिस्टम दिया गया है.

MotoGP से प्रेरित एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स
डुकाटी ने इस 250cc की बाइक में वो इलेक्ट्रॉनिक्स दिए हैं जो बड़ी-बड़ी रेसिंग कारों या सुपरबाइक्स में होते हैं. इसमें आपको 3 लेवल का पेटेंटेड डुकाटी ट्रैक्शन कंट्रोल (DTC) मिलता है, जो पिछले पहिये के फिसलने की लाइव मॉनिटरिंग करके पावर को कंट्रोल करता है. इसके अलावा इसमें 2 इंजन मैप्स (जिन्हें X-Link ऐप से कस्टमाइज़ किया जा सकता है), क्विकशिफ्टर, लॉन्च कंट्रोल और 2 लेवल का इंजन ब्रेक कंट्रोल भी शामिल है.
स्मार्टफोन ऐप बताएगा कब करानी है सर्विस
डुकाटी ने इस बाइक के साथ 'प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस' तकनीक पेश की है. इसका मतलब है कि बाइक का इन-बिल्ट कंप्यूटर रीयल-टाइम में यह ट्रैक करेगा कि राइडर ने बाइक को कितनी आक्रामक तरीके से चलाया है. इसी डेटा के आधार पर Ducati X-Link ऐप यूजर को बताएगा कि बाइक का पिस्टन कब बदलना है या इसकी फुल इंजन ओवरहालिंग कब होनी है. यह पारंपरिक फिक्स सर्विस शेड्यूल से कहीं ज्यादा स्मार्ट है.
जानिए कब होगी भारत में एंट्री?
लुक और स्टाइल के मामले में यह बाइक सिग्नेचर Ducati Red कलर में आती है. यूरोप के चुनिंदा डीलर्स के पास यह बाइक जुलाई 2026 से उपलब्ध हो जाएगी. इसके बाद कंपनी इसे दुनिया के अन्य देशों में बेचना शुरू करेगी. भारतीय बाजार और रेसिंग लवर्स के लिए यह बाइक कब उपलब्ध होगी, इसकी तारीख का ऐलान डुकाटी आने वाले समय में करेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं